दिल्ली में प्रॉपर्टी डीलर को एक परिचित ने पीट-पीटकर मार डाला
दिल्ली के विष्णु गार्डन इलाके के एक प्रापर्टी डीलर को उसके एक परिचित ने कथित तौर पर पीट-पीटकर मार डाला. दोनों साथ में शराब पी रहे थी तभी उनके बीच कहासुनी हो गई. पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी.
नयी दिल्ली, 19 जनवरी : दिल्ली के विष्णु गार्डन इलाके के एक प्रापर्टी डीलर को उसके एक परिचित ने कथित तौर पर पीट-पीटकर मार डाला. दोनों साथ में शराब पी रहे थी तभी उनके बीच कहासुनी हो गई. पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी. उन्होंने बताया कि घटना मंगलवार को पश्चिम दिल्ली के ख्याला इलाके में हुई. पुलिस ने बताया कि मृतक की पहचान विष्णु गार्डन निवासी संदीप सिंह अहलुवालिया (52) के रूप में हुई है. पुलिस ने कहा कि अहलुवालिया की मौत की सूचना मिलने के बाद वे अस्पताल पहुंचे तो उन्होंने देखा कि पीड़ित के बाएं कान, नाक और सिर पर चोट के निशान थे.
पुलिस के मुताबिक, पीड़िता की पत्नी मंजीत कौर ने शिकायत की कि आरोपी मंगल सिंह दिन में करीब ढाई बजे उनके पति को अपने साथ ले गया था. शाम को जब अहलुवालिया घर नहीं लौटे तो मंजीत ने उनसे संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन फोन पर उनसे संपर्क नहीं हो पाया. काफी कोशिशों के बाद मंगल सिंह ने मंजीत का फोन उठाया और उन्हें अपने घर आने को कहा.
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, ‘‘मंजीत जब मंगल सिंह के घर गईं तो वहां उन्होंने अपने पति को घर की सीढ़ियों पर पड़ा देखा. अहलुवालिया ने बताया कि मंगल सिंह ने उन्हें पीटा और फिर सीढ़ियों से धक्का दे दिया. मंजीत अपने पति को खेतरपाल अस्पताल ले गई जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया.’’ यह भी पढ़ें : Delhi: पूर्वी दिल्ली में व्यक्ति ने की अपनी बहन के दोस्त की चाकू मारकर हत्या
पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) उर्विजा गोयल ने कहा कि मृतक की पत्नी के बयान पर भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 302 के तहत हत्या का मामला दर्ज किया गया है और आरोपी मंगल सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया है. गोयल ने बताया, ‘‘पूछताछ के दौरान आरोपी ने खुलासा किया कि वे दोनों शराब पी रहे थे. अहलुवालिया ने एक छोटी सी बात पर उसे गाली देना शुरू कर दिया, जिसके बाद आरोपी ने पीड़ित पर नुकीले औजार से हमला किया. सिंह के भी चेहरे पर चोट के निशान थे.’’ अधिकारी ने बताया कि जब अहलुवालिया ने भागने की कोशिश की तो आरोपी ने उसे सीढ़ियों से धक्का दिया और मौके से फरार हो गया.
(The above story first appeared on LatestLY on Jan 19, 2022 11:04 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

