देश की खबरें | नासिक कुंभ मेले का कार्यक्रम घोषित, प्रभारी मंत्री के चयन पर असमंजस की स्थिति बरकरार

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस ने रविवार को इस बारे में अस्पष्ट स्थिति बरकरार रखी कि 2026-27 में सिंहस्थ कुंभ मेले की मेजबानी करने वाले नासिक जिले का प्रभारी मंत्री कौन होगा।

नासिक, एक जून महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस ने रविवार को इस बारे में अस्पष्ट स्थिति बरकरार रखी कि 2026-27 में सिंहस्थ कुंभ मेले की मेजबानी करने वाले नासिक जिले का प्रभारी मंत्री कौन होगा।

उन्होंने संकेत दिया कि इस पद के लिए महायुति के तीन सहयोगियों के बीच मतभेद अब भी अनसुलझे हैं।

नासिक-त्र्यंबकेश्वर कुंभ मेले के कार्यक्रम पर चर्चा के लिए संतों की एक बैठक की अध्यक्षता करने के बाद पत्रकारों को संबोधित करते हुए फडणवीस ने कहा, "कुंभ मंत्री गिरीश महाजन (भाजपा), मंत्रियों दादा भुसे (शिवसेना), छगन भुजबल और नरहरि जिरवाल (दोनों राकांपा) के साथ मिलकर काम कर रहे हैं। अगर जरूरत पड़ी तो हम भी वहां मौजूद होंगे।"

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रभारी मंत्री की अनुपस्थिति से प्रशासनिक कार्य प्रभावित नहीं हुआ है।

संभावित जिला प्रभारी मंत्री के चयन के बारे में पूछे गए सवाल का जवाब देते हुए फडणवीस ने कहा, "प्रभारी मंत्री आते-जाते रहते हैं। चिंता मत कीजिए और इस मुद्दे में राजनीति नहीं करिए। यह (कुंभ मेला) एक धार्मिक और सांस्कृतिक पर्व है।"

इस वर्ष की शुरुआत में, नासिक और रायगढ़ जिलों के प्रभारी मंत्रियों की नियुक्ति पर रोक लगा दी गई थी, क्योंकि इस मुद्दे पर सत्तारूढ़ महायुति में कथित खींचतान थी।

महायुति में भाजपा, एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना और अजित पवार के नेतृत्व वाली राकांपा शामिल हैं।

राज्य सरकार ने 18 जनवरी को जिला प्रभारी मंत्रियों की सूची की घोषणा की, जिसमें राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) की अदिति तटकरे को रायगढ़ और भाजपा नेता गिरीश महाजन को नासिक की जिम्मेदारी दी गई।

हालांकि, इससे असंतोष पैदा होने की खबरों के बीच सामान्य प्रशासन विभाग ने 19 जनवरी को एक आदेश जारी कर इन दोनों नियुक्तियों पर रोक लगा दी।

महाजन और भुसे ने क्रमशः फडणवीस और एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली सरकारों के तहत नासिक जिले के प्रभारी मंत्री के रूप में कार्य किया था।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now