एजेंसी न्यूज

राजस्थान में खादी ग्रामोद्योग से जुड़ी 1759 इकाइयों में उत्पादन काम शुरू

अतिरिक्त मुख्य सचिव (उद्योग) डॉ. सुबोध अग्रवाल ने बताया कि इससे करीब 8700 लोगों को रोजगार मिलने लगा है जबकि परंपरागत ग्रामीण औद्योगिक गतिविधियां गति पकड़ने लगी है।

राजस्थान में खादी ग्रामोद्योग से जुड़ी 1759 इकाइयों में उत्पादन काम शुरू
जमात

जयपुर, 17 मई राजस्थान में खादी ग्रामोद्योग से जुड़ी 1759 इकाइयों में उत्पादन काम शुरु हो गया है।

अतिरिक्त मुख्य सचिव (उद्योग) डॉ. सुबोध अग्रवाल ने बताया कि इससे करीब 8700 लोगों को रोजगार मिलने लगा है जबकि परंपरागत ग्रामीण औद्योगिक गतिविधियां गति पकड़ने लगी है।

डॉ. अग्रवाल ने बताया कि खादी ग्रामोद्योग के माध्यम एवं सहभागिता से संचालित इकाइयों को उत्पादन कार्य आरंभ करने की लिए प्रोत्साहित किया गया है जिसके परिणाम स्वरुप 1700 से अधिक ग्रामोद्योग इकाइयों द्वारा मिट्टी के बरतन, मिट्टी के खिलौने, छोटी छोटी तेल पिराई, आटा पिसाई, मसाला पिसाई, मोलेला, मसाला-पापड, मंगोड़ी आदि घरेलू उत्पादों का उत्पादन आरंभ हो गया है। उन्होंने बताया कि इन इकाइयों से करीब 8 हजार श्रमिक जुड़े हुए हैं।

डॉ. अग्रवाल ने बताया कि कोरोना महामारी को देखते हुए खादी संस्थाओं के माध्यम से खादी के बार-बार धोकर उपयोग करने वाले गुणवत्ता पूर्ण मॉस्क तैयार कराने का भी निर्णय लिया गया और अब तक एक लाख 90 हजार से अधिक मॉस्क तैयार कर उपलब्ध कराए गए हैं।

उन्होंने बताया कि सामाजिक सरोकारों को ध्यान में रखते हुए इनमें से एक लाख से अधिक मॉस्क अस्पतालों, जिला प्रशासन और कोरोना वारियर्स को बिना किसी शुल्क के उपलब्ध कराया गया है।

उन्होंने बताया कि राज्य में छोटे-बड़े उद्योगों के साथ ही राज्य की खादी एवं ग्रामोद्योग से जुड़ी संस्थाओं और कुटीर उद्योगों में भी काम शुरु कराने से ग्रामीण क्षेत्र में कुटीर उद्योगों का संचालन होने लगा है और शिल्पियों को रोजगार मिलने लगा है।

उद्योग आयुक्त मुक्तानन्द अग्रवाल ने बताया कि राज्य में 15 हजार 700 से अधिक औद्योगिक इकाइयों में काम होने लगा है।

उन्होंने बताया कि राज्य में सभी औद्योगिक क्षेत्रों में सुरक्षा प्रोटोकाल की शत प्रतिशत पालना सुनिश्चित कराने के निर्देश के साथ कर्फ्यूग्रस्त इलाकों को छोड़कर शेष सभी औद्योगिक क्षेत्रों को खोल दिया गया है।

कुंज

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)

(The above story first appeared on LatestLY on May 17, 2020 06:42 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).