एजेंसी न्यूज

ताजा खबरें | हंगामे के कारण लोकसभा की कार्यवाही बाधित, अध्यक्ष ने कहा..विपक्षी सदस्यों का व्यवहार उचित नहीं

Get latest articles and stories on Latest News at LatestLY. महंगाई सहित विभिन्न मुद्दों पर कांग्रेस समेत विपक्षी सदस्यों के हंगामे के कारण शुक्रवार को लोकसभा की बैठक शुरू होने के करीब 25 मिनट बाद दोपहर 12 बजे तक स्थगित कर दी गयी।

ताजा खबरें | हंगामे के कारण लोकसभा की कार्यवाही बाधित, अध्यक्ष ने कहा..विपक्षी सदस्यों का व्यवहार उचित नहीं

नयी दिल्ली, पांच अगस्त महंगाई सहित विभिन्न मुद्दों पर कांग्रेस समेत विपक्षी सदस्यों के हंगामे के कारण शुक्रवार को लोकसभा की बैठक शुरू होने के करीब 25 मिनट बाद दोपहर 12 बजे तक स्थगित कर दी गयी।

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने हंगामा कर रहे सदस्यों से कहा कि उनका यह व्यवहार उचित नहीं है।

पूर्वाह्न 11 बजे बैठक शुरू होने पर लोकसभा अध्यक्ष ने सिक्किम से 13वीं लोकसभा में सदस्य रहे भीम प्रसाद दहल के निधन की जानकारी दी।

उन्होंने जापान के हिरोशिमा और नागासाकी में 77 साल पहले अमेरिका द्वारा परमाणु बम गिराये जाने की घटना का भी उल्लेख किया।

सदन ने दिवंगत पूर्व सदस्य दहल और हिरोशिमा तथा नागासाकी पर परमाणु बम हमलों में मारे गये लोगों को श्रद्धांजलि देने के लिए कुछ पल का मौन रखा।

इसके बाद अध्यक्ष ने प्रश्नकाल शुरू कराया। इस दौरान विपक्षी दलों के सदस्य आसन के निकट आकर नारेबाजी करने लगे।

हंगामे के बीच ही स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया और स्वास्थ्य राज्य मंत्री भारती पवार ने कुछ सदस्यों के पूरक प्रश्नों के उत्तर भी दिये।

विपक्षी सदस्यों का हंगामा तेज होने पर अध्यक्ष बिरला ने उन्हें अपनी सीटों पर जाने और कार्यवाही चलने देने का आग्रह किया।

बिरला ने हंगामा कर रहे सदस्यों से कहा, ‘‘यह संसद है। आपको जनता के मुद्दों को उठाने के लिए चुनकर भेजा गया है। आप प्रश्नकाल में व्यवधान करते हैं। सदन नहीं चलाना चाहते। जनता चाहती है कि सदन चले। आप मुद्दों पर चर्चा नहीं चाहते, नारेबाजी करने आते हैं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘आपका यह व्यवहार उचित नहीं लगता। दुनिया आपको देख रही है। मैं आपसे पुन: आग्रह करुंगा कि अपनी सीटों पर जाइए। प्रश्नकाल के बाद आपको नियम प्रक्रियाओं के तहत आपके विषय उठाने की अनुमति दूंगा।’’

हालांकि हंगामा नहीं थमने पर लोकसभा अध्यक्ष ने कार्यवाही शुरू होने के करीब 25 मिनट बाद दोपहर 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Aug 05, 2022 11:48 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).