देश की खबरें | हरियाणा में धार्मिक जुलूस के दौरान हुई हिंसा की जांच एनआईए को सौंपी जाए: विहिप

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. विश्व हिंदू परिषद (विहिप) ने हरियाणा में हिंसा की घटना की तुलना मंगलवार को “आतंकवादी हमले” से की और इसकी राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) से जांच कराए जाने की मांग की।

नयी दिल्ली, एक अगस्त विश्व हिंदू परिषद (विहिप) ने हरियाणा में हिंसा की घटना की तुलना मंगलवार को “आतंकवादी हमले” से की और इसकी राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) से जांच कराए जाने की मांग की।

विश्व हिंदू परिषद (वीएचपी) के संयुक्त महासचिव सुरेंद्र जैन ने संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए दावा किया कि सोमवार को एक धार्मिक जुलूस के दौरान हिंदू श्रद्धालुओं के खिलाफ “पूर्व नियोजित तरीके से” हमले किए गए और हरियाणा कांग्रेस के कुछ नेताओं ने इसके लिए उकसाया था।

उन्होंने राज्य पुलिस पर खुफिया विफलता का भी आरोप लगाया और दावा किया कि जुलूस के दौरान दंगाइयों ने हिंदू श्रद्धालुओं पर हमला करने के लिए अत्याधुनिक हथियारों व अन्य पारंपरिक आग्नेयास्त्रों का इस्तेमाल किया।

जैन ने कहा कि विहिप के कार्यकर्ता हरियाणा में हिंदुओं पर "योजनाबद्ध हमलों" के खिलाफ बुधवार को देश भर में विरोध प्रदर्शन करेंगे।

नूंह में सोमवार को विहिप के जुलूस को रोकने की कोशिश के बाद भड़की हिंसा में चार लोगों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए।

जैसे ही मुस्लिम बहुल नूंह में हिंसा की खबर फैली, सोहना में भीड़ ने चार वाहनों और एक दुकान को आग लगा दी। मंगलवार को गुरुग्राम के सेक्टर-57 इलाके में एक मस्जिद पर हमला हुआ, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई।

जैन ने पत्रकारों से कहा, “जुलूस शुरू होने के पंद्रह मिनट बाद, उन्होंने हर तरफ से पथराव करना शुरू कर दिया, पेट्रोल बम फेंके और छत से गोलीबारी की। उन्होंने मोर्टार का भी इस्तेमाल किया।”

उन्होंने कहा, ''मेरी कार पर पथराव किया गया और आग लगाने की कोशिश की गई।''

जैन ने मांग की कि हरियाणा के मुख्यमंत्री मामले को राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) को सौंप दें और हिंसा में शामिल लोगों को "कड़ी से कड़ी सजा" दी जाए।

जैन ने सवालों का जवाब देते हुए कहा, “निश्चित रूप से यह एक आतंकवादी हमला था। हम मांग करते हैं कि मुख्यमंत्री मामले की जांच एनआईए को सौंप दें। ”

विहिप के नेता ने कहा कि क्षेत्र में बहुत बड़ी 'यात्रा' (धार्मिक जुलूस) निकाली जाएगी।

उन्होंने कहा कि यात्रा का समय और तारीख तय करने के लिए हरियाणा में नूंह के आसपास के इलाकों में महापंचायतें आयोजित की जाएंगी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\