ताजा खबरें | प्रियंका ने विरासत कर, संपत्ति के पुनर्वितरण पर मोदी के बयानों को लेकर उनकी आलोचना की
Get latest articles and stories on Latest News at LatestLY. कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाद्रा ने ‘‘विरासत कर’’ और ‘‘संपत्ति के पुनर्वितरण’’ को लेकर कांग्रेस पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के हमले के बाद, उनपर पलटवार करते हुए शनिवार को कहा कि ये पूर्वधारणाएं अतार्किक हैं।
लातूर(महाराष्ट्र), 27 अप्रैल कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाद्रा ने ‘‘विरासत कर’’ और ‘‘संपत्ति के पुनर्वितरण’’ को लेकर कांग्रेस पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के हमले के बाद, उनपर पलटवार करते हुए शनिवार को कहा कि ये पूर्वधारणाएं अतार्किक हैं।
लातूर जिले के उदगीर में कांग्रेस उम्मीदवार के समर्थन में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए प्रियंका ने दावा किया कि 45 वर्षों में बेरोजगारी अपने चरम पर है और 70 करोड़ लोगों के पास नौकरियां नहीं हैं, जबकि केंद्र (सरकार के विभागों) में 30 लाख पद खाली पड़े हैं, जो पिछले 10 साल में नहीं भरे गए।
उन्होंने कहा, ‘‘यदि भाजपा दावा करती है कि पिछले 70 वर्षों में (पूर्ववर्ती सरकारों के दौरान) कुछ नहीं हुआ तो हम मान लेते हैं आईआईटी, एम्स, बड़े उद्योग आदि अब स्थापित किये गए हैं।’’ उन्होंने कहा कि सत्तारूढ़ पार्टी हर वक्त कांग्रेस पर दोष मढ़ रही है।
प्रियंका ने राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार पर प्रहार करते हुए कहा कि हर शादी में एक ‘‘फूफा’’ होते हैं जो हर चीज जानने का दावा करते हैं और सबको ज्ञान देते हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘अब, यह अंकल जी (फूफा) कह रहे हैं कि एक ऐसा राजनीतिक दल है जिसने अपने घोषणा पत्र में यह लिखा है कि एक एक्स-रे मशीन लाएंगे और उसके जरिये आपके घरों में आपकी सभी बचत, मंगलसूत्र और सोना को ढूंढ निकाल लिया जाएगा और यह इसे चोरी कर किसी और को दे देगा। फिर आप यही कहेंगे कि वह सठिया गए हैं।’’
उन्होंने दावा किया कि यही चीज अपने पद का उपयोग कर मोदी कर रहे हैं।
इस हफ्ते की शुरूआत में कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा था कि जो लोग खुद को ‘‘देशभक्त’’ कहते हें वे ‘‘जातिवार जनगणना के एक्स-रे’’ से भयभीत हैं।
मोदी ने कहा था कि कांग्रेस लोगों के गहने और छोटी-छोटी बचत को उनकी संपत्ति की जांच कर जब्त करना चाहती है।
प्रियंका ने रैली में कहा कि देश ने कांग्रेस से महान प्रधानमंत्रियों को देखा है, अटल बिहारी वाजपेयी जैसे अन्य दलों के प्रधानमंत्री को भी देखा है लेकिन उन्होंने (मोदी ने) प्रधानमंत्री पद की गरिमा को इस निम्न स्तर पर ला दिया।
उन्होंने दावा किया, ‘‘पिछले 10 वर्षों में किये गए काम को लेकर वोट मांगने के बजाय वह (मोदी) एक राजनीतिक दल के एक्स-रे मशीन का उपयोग कर आपके गहने चुरा सकने के बारे में अतार्किक बातें कर रहे हैं।’’
कांग्रेस महासचिव ने यह भी कहा कि जीएसटी (माल एवं सेवा कर) प्रत्येक कृषि उपकरण पर लगा दिया गया है। उन्होंने कांग्रेस के सत्ता में आने पर इसे खत्म करने का वादा किया।
प्रियंका ने आरोप लगाया कि लोकतंत्र को कमजोर किया जा रहा, महाराष्ट्र में विधायकों की खरीद फरोख्त की गई, सरकार गिरा दी गई और पार्टियों में विभाजन करा दिया गया।
उन्होंने कहा, ‘‘लोकतंत्र के साथ जो कुछ हो रहा उससे बड़ा कोई अपराध नहीं है।’’
कांग्रेस ने लातूर (आरक्षित) लोकसभा सीट पर भाजपा के मौजूदा सांसद सुधाकर श्रंगारे के खिलाफ नेत्र चिकित्सक शिवाजी कलगे को उम्मीदवार बनाया है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Apr 27, 2024 09:20 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

