देश की खबरें | दानिश अली के खिलाफ टिप्पणी मामले में विशेषाधिकार समिति ने बिधूड़ी को तलब किया
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. लोकसभा की विशेषाधिकार समिति ने बहुजन समाज पार्टी के सदस्य दानिश अली के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर भारतीय जनता पार्टी के सांसद रमेश बिधूड़ी को आगामी सात दिसंबर को तलब किया है।
नयी दिल्ली, 21 नवंबर लोकसभा की विशेषाधिकार समिति ने बहुजन समाज पार्टी के सदस्य दानिश अली के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर भारतीय जनता पार्टी के सांसद रमेश बिधूड़ी को आगामी सात दिसंबर को तलब किया है।
समिति ने 7 दिसंबर को मौखिक साक्ष्य देने के लिए दानिश अली को भी बुलाया है। बिधूड़ी से कहा गया है कि वह बसपा सांसद के इस समिति के सामने पेश होने के बाद उसी दिन पेश हों।
इससे पहले, एक मौके पर बिधूड़ी असमर्थता जताते हुए समिति के सामने पेश नहीं हुए थे।
‘चंद्रयान-3’ की सफलता और अंतरिक्ष क्षेत्र में भारत की उपलब्धियां’ विषय पर लोकसभा में चर्चा के दौरान गत 21 सितंबर को बिधूड़ी ने अली के खिलाफ आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किया था।
इसके बाद, खुद दानिश अली के अलावा लोकसभा में कांग्रेस के नेता अधीर रंजन चौधरी, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) की सांसद सुप्रिया सुले, तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) की अपरूपा पोद्दार, द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) की कनिमोई और विपक्ष के कई अन्य सदस्यों ने सदन के अध्यक्ष ओम बिरला को पत्र लिखकर बिधूड़ी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी। इन सांसदों ने मामले को विशेषाधिकार समिति के पास भेजने का भी आग्रह किया था।
दूसरी तरफ, भाजपा सांसद निशिकांत दुबे और रवि किशन ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को पत्र लिखकर दावा किया था कि पहले अली ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के खिलाफ आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किया था। उन्होंने भी इस मामले को विशेषाधिकार समिति के पास भेजने का आग्रह किया था।
लोकसभा अध्यक्ष ने सभी शिकायतों को विशेषाधिकार समिति के पास भेज दिया था।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)