जरुरी जानकारी | प्रिस्टीन केयर ने बांग्लादेश में परिचालन शुरू किया; विस्तार पर 100 करोड़ रुपये के निवेश की योजना

नयी दिल्ली, तीन अगस्त स्वास्थ्य सेवा डिलिवरी स्टार्टअप कंपनी प्रिस्टीन केयर ने बांग्लादेश में परिचालन शुरू कर दिया है। कंपनी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी देते हुए कहा कि पड़ोसी देश में परिचालन का विस्तार करने के लिए वह अगले दो साल में 100 करोड़ रुपये का निवेश करेगी।

कंपनी की योजना मार्च, 2024 तक ढाका और चटगांव में पांच रोगी देखभाल केंद्र खोलने की है।

कंपनी का इरादा विस्तार योजनाओं के तहत विभिन्न विभागों में 200 कर्मचारियों को नियुक्त करने का है।

प्रिस्टीन केयर के सह-संस्थापक हरसिमरबीर सिंह ने एक बयान में कहा, ‘‘बांग्लादेश का स्वास्थ्य सेवा बाजार वर्ष 2023 के अंत तक 14 अरब डॉलर तक पहुंचने की उम्मीद है। हम बांग्लादेश में स्वास्थ्य सेवा के विकास के लिए प्रतिबद्ध हैं। अगले दो साल में हम एक मजबूत स्वास्थ्य सेवा बुनियादी ढांचा स्थापित करने के लिए 100 करोड़ रुपये का निवेश करेंगे।’’

उन्होंने कहा कि निवेश का उपयोग रोगी देखभाल केंद्र स्थापित करने के लिए किया जाएगा।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)