‘कोरोना योद्धाओं’ के सम्मान की सशस्त्र बलों की पहल का प्रधानमंत्री ने किया स्वागत
मोदी ने ट्वीट कर कहा कि भारत ने अपने साहसी अग्रिम पंक्ति पर काम करने वाले जांबाजों के साथ मिलकर कोविड-19 के खिलाफ जंग छेड़ी है और उन्होंने कई मरीजों की देखभाल कर उन्हें स्वस्थ किया है।
नयी दिल्ली, एक मई प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को सशस्त्र बलों के उस निर्णय का स्वागत किया जिसमें उन्होंने कोरोना वायरस महामारी के खिलाफ जंग में जुटे चिकित्सकों, स्वास्थ्यकर्मियों, पुलिसकर्मियों को शुक्रिया अदा करने के लिये कई कार्यक्रमों के आयोजन की योजना बनाई है।
मोदी ने ट्वीट कर कहा कि भारत ने अपने साहसी अग्रिम पंक्ति पर काम करने वाले जांबाजों के साथ मिलकर कोविड-19 के खिलाफ जंग छेड़ी है और उन्होंने कई मरीजों की देखभाल कर उन्हें स्वस्थ किया है।
उन्होंने कहा, “वे शानदार हैं। भारत उनकी और उनके परिवार की सराहना करता है।”
प्रधानमंत्री ने कहा कि भारतीय सशस्त्र बलों ने हमेशा देश को सुरक्षित रखा है। आपदा के समय भी वे लोगों की मदद के लिये मौजूद रहते हैं।
उन्होंने कहा, “हमारे सशस्त्र बल अब खास अंदाज में देश को कोविड-19 से मुक्त करने के लिये अग्रिम मोर्चे पर काम कर रहे लोगों को शुक्रिया अदा कर रहे हैं।”
कोरोना वायरस महामारी से निपटने के लिये अग्रिम मोर्चे पर तैनात चिकित्सकों, अन्य स्वास्थ्यकर्मियों और पुलिसकर्मियों जैसे लाखों लोगों का देश के सशस्त्र बल रविवार को भव्य तरीके से आभार प्रकट करेंगे। इसके तहत, लड़ाकू विमान ‘फ्लाई-पास्ट’ करेंगे, सेना के बैंड बजाए जाएंगे, नौसेना के हेलीकॉप्टर कोविड-19 रोगियों के इलाज में जुटे अस्पतालों पर फूल बरसाएंगे और नौसेना के जहाजों को प्रकाशमान किया जाएगा।
प्रमुख रक्षा अध्यक्ष (सीडीएस) बिपिन रावत ने शुक्रवार को यहां एक संवाददाता सम्मेलन में यह घोषणा की।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)
(The above story first appeared on LatestLY on May 01, 2020 11:52 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

