हिमाचल में सरकार परिवर्तन पर प्रधानमंत्री ने मतदाताओं से कहा, विकास चाहते हैं तो गलती न दोहराएं
हिमाचल प्रदेश के लोगों से हर पांच साल में सरकार बदलने की ‘गलती’ नहीं दोहराने का अनुरोध करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को कहा कि हर हफ्ते नयी दवा लेना बीमारी के इलाज में मददगार साबित नहीं होगी.
सुंदरगढ़, पांच नवंबर: हिमाचल प्रदेश के लोगों से हर पांच साल में सरकार बदलने की ‘गलती’ नहीं दोहराने का अनुरोध करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को कहा कि हर हफ्ते नयी दवा लेना बीमारी के इलाज में मददगार साबित नहीं होगी. मंडी जिले में आयोजित एक रैली को संबोधित करते हुए उन्होंने मतदाताओं से कहा कि इस प्रदेश में विकास और स्थायित्व लाने के लिए उन्हें भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के साथ बने रहने की जरूरत है.
प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘यदि आप यहां ऐसे लोगों को चुनते हैं जो विकास कार्य बाधित करते हैं, तो कुछ भी संभव नहीं होगा और फिर इसका कोई मतलब नहीं रह जाएगा कि मैं कितना मेहनत करता हूं.’’ प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘बार-बार दवा बदलना बीमारी के इलाज में मददगार नहीं है. आप को एक ही दवा के साथ लंबे समय तक बने रहना है, ताकि इसके असर को देख सकें. हर हफ्ते अलग-अलग दवा लेने से किसी का भला नहीं होगा. हिमाचल प्रदेश ने यही गलती की है.’’
उन्होंने कहा कि यदि मतदाता सरकार की जवाबदेही और जवाब चाहते हैं, तो उन्हें भाजपा को एक और अवसर देना चाहिए. प्रधानमंत्री ने आरोप लगाया कि झूठे वादे करना और झूठी गारंटी देना कांग्रेस की पुरानी चाल है, जो न केवल हमेशा देश की सुरक्षा के खिलाफ रही है, बल्कि देश के विकास के खिलाफ भी रही है. मोदी ने कहा कि उन्होंने इस बात को गुजरात का मुख्यमंत्री रहने के दौरान महसूस किया था.
उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस जब भी सत्ता में आती है तो विकास रुक जाता है, इसलिए लोगों से वह अपील करते हैं कि राज्य में विकास को गति देने के लिए भाजपा सरकार को दोहराएं. मोदी ने कहा कि हिमाचल प्रदेश के छोटा प्रदेश होने के बावजूद कांग्रेस ने इसकी हमेशा उपेक्षा की.
हिमाचल प्रदेश में 12 नवंबर को विधानसभा चुनाव के ऐलान के बाद राज्य में अपनी पहली चुनावी सभा में मोदी ने कहा, ‘‘हम साथ मिलकर हिमचाल प्रदेश को आगे ले जायेंगे, नये रिवाज की शुरुआत कीजिए और भाजपा की सत्ता को बरकरार रखिये.’’
राज्य के इतिहास में किसी एक पार्टी को लगातार दो बार सत्ता नहीं मिलने का जिक्र करते हुए मोदी ने लोगों से कहा, ‘‘वह समय याद करिये जब इसके पहले केंद्र और हिमाचल प्रदेश में भाजपा की सरकार थी तो विकास के काम तेज गति से हुए.’’ उन्होंने कहा कि कुछ लोगों की ‘गलत सोच’ के कारण ‘पांच इसके, पांच उसके’ की परंपरा कायम हुई और विकास कार्य प्रभावित हुआ.
मोदी ने कहा कि वर्ष 2014 में उनकी सरकार के केंद्र में सत्तासीन होने के बाद उन्होंने हिमाचल प्रदेश का समग्र विकास चाहा, लेकिन तब कांग्रेस राज्य में शासन कर रही थी, जिसने केंद्रीय योजनाओं को लागू करने में बाधा डाली.
प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) का जिक्र करते हुए मोदी ने कहा, ‘‘मैं दिल्ली से योजनाएं और पैसे भेजता था, लेकिन वे इसमें बाधा डालने का काम करते थे.’’ उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 से 2017 के दौरान केवल 15 घर बन सके थे, लेकिन राज्य में भाजपा की सरकार बनने पर 8000 घर बन चुके हैं और 10 हजार घर बन रहे हैं.
प्रधानमंत्री ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने वर्ष 2012 के चुनाव मे जो वादे किये थे उसमें से एक को भी उसने नहीं पूरा किया. उन्होंने अनुच्छेद 370 को हटाने और राम मंदिर बनने का जिक्र किया. उन्होंने पूछा, ‘‘क्या हमने अनुच्छेद 370 को नहीं हटाया, क्या हमने राम मंदिर का वादा नहीं पूरा किया, जो फिलहाल बन रहा है.’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Nov 05, 2022 11:06 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

