देश की खबरें | मॉरीशस के प्रधानमंत्री ने उप्र में निवेश और व्यापार की संभावनाओं पर चर्चा की

वाराणसी (उप्र), 22 अप्रैल मॉरीशस के प्रधानमंत्री प्रविंद कुमार जगन्नाथ ने अपने वाराणसी दौरे के अंतिम दिन शुक्रवार को उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ राज्य में निवेश और व्यापार की संभावनाओं पर चर्चा की।

आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, मॉरीशस के प्रधानमंत्री ने राज्यपाल और फिर मुख्यमंत्री के साथ अलग-अलग बैठक की। इस दौरान बैठक में दोनों देशों का प्रतिनिधिमंडल भी उपस्थित रहा। बैठक में उत्तर प्रदेश में निवेश और व्यापार की संभावनाओं पर विचार किया गया।

उन्होंने कहा कि बैठक के दौरान मॉरीशस के भोजपुरी भाषियों को उप्र के पर्यटन केंद्रों से जोड़ने और इसके साथ ही यहां के जीआई टैग व अन्य उत्पादों के निर्यात को विस्तार देने के विषय पर भी चर्चा हुई जिससे दोनों देशों के बीच व्यापारिक और अन्य विषयों पर समझौता करने की पहल को मजबूती मिलेगी।

मॉरीशस के प्रधानमंत्री प्रविंद जगन्नाथ के पूर्वज पूर्वी उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के रसड़ा क्षेत्र के मूल निवासी बताए जाते हैं।

बैठक के बाद राज्यपाल रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर के लिए रवाना हो गईं जिसके कुछ समय बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जगन्नाथ से मुलाकात की।

योगी ने काशी के हस्तशिल्पियों द्वारा तैयार किया गया अंगवस्त्रम पहनाकर उनका अभिनदंन किया और लकड़ी से बना श्रीराम मंदिर का भव्य मॉडल भी उपहार में दिया। इसके बाद मॉरीशस के प्रधानमंत्री हवाई अड्डे के लिए रवाना हो गए।

इससे पहले, तीन दिवसीय भ्रमण पर बुधवार को काशी आए मॉरीशस के प्रधानमंत्री ने अपनी पत्नी कोबिता जगन्नाथ के साथ बृहस्पतिवार की शाम श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना की।

अधिकारियों ने बताया कि इस दौरान उन्होंने श्री काशी विश्वनाथ कॉरिडोर का अवलोकन किया और मंडलायुक्त दीपक अग्रवाल ने प्रविंद जगन्नाथ को कॉरिडोर के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

जगन्नाथ ने बृहस्पतिवार की सुबह अपने पिता एवं मॉरीशस के पूर्व प्रधानमंत्री सर अनिरुद्ध जगन्नाथ की अस्थियों को वैदिक मंत्रोच्चार के बीच गंगा में विसर्जित किया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)