प्रधानमंत्री वित्तीय संकट को लेकर राज्यों को मदद देने के लिए वचनबद्ध नहीं : नारायणसामी
उन्होंने मोदी के साथ मुख्यमंत्रियों की वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में हिस्सा लेने के बाद सोमवार रात यहां संवाददाताओं से कहा कि इसलिए, केंद्र शासित प्रदेश के पास वर्तमान वित्तीय संकट से उबरने के लिए भारतीय रिजर्व बैंक से कर्ज लेने के अलावा कोई विकल्प नहीं बचता है।
पुडुचेरी, 12 मई पुडुचेरी के मुख्यमंत्री वी नारायणसामी ने दावा किया है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राज्यों को आर्थिक सहायता देने को लेकर किसी तरह की प्रतिबद्धता नहीं जताई जबकि वीडियो कॉन्फ्रेंस के दौरान उन्हें आर्थिक दिक्कतों के बारे में बताया गया।
उन्होंने मोदी के साथ मुख्यमंत्रियों की वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में हिस्सा लेने के बाद सोमवार रात यहां संवाददाताओं से कहा कि इसलिए, केंद्र शासित प्रदेश के पास वर्तमान वित्तीय संकट से उबरने के लिए भारतीय रिजर्व बैंक से कर्ज लेने के अलावा कोई विकल्प नहीं बचता है।
नारायणसामी ने कहा कि कोविड-19 के चलते मार्च से लागू लॉकडाउन के बाद से कारोबारी संस्थापनों, शराब की दुकानों और औद्योगिकी इकाइयों के बंद रहने के कारण राजस्व घटने की जानकारी प्रधानमंत्री कार्यालय को दी थी।
उन्होंने कहा कि मार्च और अप्रैल के लिए प्रदेश सरकार के कर्मियों को वेतन दिया गया। लेकिन वर्तमान स्थिति खराब है और इसलिए एक रास्ता निकाला जाए।
उन्होंने कहा, “प्रधानमंत्री राज्यों को वित्तीय मदद देने को लेकर टाल-मटोल कर रहे थे और राज्यों को होने वाली आर्थिक दिक्कतों के अनुमान पर उनकी तरफ से कोई जवाब नहीं मिला।”
एक प्रश्न का उत्तर देते हुए नारायणसामी ने कहा कि उन्हें लगता है कि मोदी 17 मई के बाद भी लॉकडाउन बढ़ाएंगे लेकिन प्रतिबंधों में कुछ ढील दे सकते हैं।
उन्होंने कहा, “असली तस्वीर 17 मई की रात को साफ होगी।”
प्रधानमंत्री ने मुख्यमंत्रियों से आगे की कार्रवाई के लिए 15 मई से पहले उन्हें विस्तृत रिपोर्ट भेजने को कहा है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)