देश की खबरें | प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रघुवंश प्रसाद सिंह के निधन पर दी श्रद्धांजलि
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को पूर्व केंद्रीय मंत्री रघुवंश प्रसाद सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित की और कहा कि सिंह के निधन से बिहार तथा राष्ट्रीय राजनीति में अपूरणीय क्षति हुई है।
पटना, 13 सितंबर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को पूर्व केंद्रीय मंत्री रघुवंश प्रसाद सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित की और कहा कि सिंह के निधन से बिहार तथा राष्ट्रीय राजनीति में अपूरणीय क्षति हुई है।
मोदी ने कहा कि सिंह जमीन से जुड़े हुए नेता थे और उन्हें गरीबी तथा गरीबों की समस्याओं की गहरी समझ थी।
सिंह का लंबी बीमारी के बाद नयी दिल्ली स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान में निधन हो गया।
मोदी ने दिवंगत नेता के अंतिम दिनों के दौरान उनके मन में चल रहे ‘मंथन’ की ओर परोक्ष रूप से इशारा करते हुए सिंह का राजद और पार्टी अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव से मोहभंग होने का संकेत दिया।
प्रधानमंत्री ने कहा, “पिछले कुछ दिनों से उनके भीतर मंथन चल रहा था। वह जिस विचारधारा को मानते थे उसके प्रति ईमानदार थे। हाल ही में वह सुर्खियों में आए थे। जाहिर है कि वह अंदरूनी ऊहापोह में थे क्योंकि अपने पुराने साथियों के पक्ष में रहना उनके लिए संभव नहीं रह गया था। अंत में उन्होंने अपनी भावनाओं को अस्पताल में लिखे पत्र के जरिये व्यक्त किया।”
मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिये बिहार में तीन पेट्रोलियम परियोजनाओं को राष्ट्र को समर्पित करने के बाद यह कहा।
प्रधानमंत्री ने सिंह के साथ अपनी मुलाकात को याद किया जब राजद नेता केंद्रीय मंत्री थे और मोदी गुजरात के मुख्यमंत्री।
मोदी ने कहा, “मुझे रघुवंश बाबू के साथ मुलाकात करने का अवसर कई बार मिला था। हम कई बार टीवी पर चर्चा में भाग लेते थे। वह अपने दल का प्रतिनिधित्व करते थे और मैं भाजपा का प्रतिनिधित्व करता था।”
उन्होंने कहा, “मैं उनके स्वास्थ्य को लेकर चिंतित था और उनके बारे में पूछता था।”
मोदी ने सिंह द्वारा बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को लिखे पत्र का उल्लेख किया जिसमें सिंह ने पूर्ववर्ती लोकसभा सीट वैशाली के विकास का मुद्दा उठाया था।
मोदी ने कहा, “मैं नीतीश कुमार से अनुरोध करूंगा कि उन विकास परियोजनाओं पर काम किया जाए जिनका जिक्र सिंह ने किया था। राज्य और केंद्र मिलकर उनकी इच्छाओं को पूरा करे।”
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)