देश की खबरें | प्रधानमंत्री मोदी विलमिंगटन में अमेरिकी राष्ट्रपति के साथ महत्वपूर्ण बातचीत करेंगे: विदेश सचिव
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन के बीच शनिवार को क्वाड शिखर सम्मेलन से इतर महत्वपूर्ण बातचीत होगी और वार्ता के बाद दोनों पक्ष कम से कम दो समझौतों पर हस्ताक्षर करेंगे।
नयी दिल्ली, 19 सितंबर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन के बीच शनिवार को क्वाड शिखर सम्मेलन से इतर महत्वपूर्ण बातचीत होगी और वार्ता के बाद दोनों पक्ष कम से कम दो समझौतों पर हस्ताक्षर करेंगे।
विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने बृहस्पतिवार को कहा कि एक समझौता हिंद-प्रशांत आर्थिक ढांचा (आईपीईएफ) से संबंधित होगा और दूसरा समझौता ज्ञापन (एमओयू) भारत-अमेरिका ड्रग फ्रेमवर्क पर होगा।
मोदी वार्षिक क्वाड शिखर सम्मेलन में भाग लेने और संयुक्त राष्ट्र महासभा में ‘‘भविष्य के शिखर सम्मेलन’’ को संबोधित करने के लिए 21 सितंबर से अमेरिका की तीन दिवसीय यात्रा पर रहेंगे।
मोदी 21 सितंबर को डेलवेयर के विलमिंगटन में क्वाड शिखर सम्मेलन के मौके पर बाइडन, ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज और उनके जापानी समकक्ष फुमियो किशिदा के साथ अलग-अलग द्विपक्षीय वार्ता करेंगे।
सिख अलगाववादी गुरपतवंत सिंह पन्नू की हत्या की कथित नाकाम साजिश में भारत का हाथ होने के वाशिंगटन के आरोपों के बाद भारत-अमेरिका संबंधों में कुछ असहजता के बीच मोदी और बाइडन के बीच बातचीत होगी।
अमेरिका साजिश की भारतीय जांच पर जानकारी के लिए भारत पर लगातार दबाव डालता रहा है और कहता रहा है कि वह मामले में जवाबदेही चाहता है।
बैठक में मोदी द्वारा रूस-यूक्रेन संघर्ष का शांतिपूर्ण समाधान खोजने पर मॉस्को में रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और कीव में यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की के साथ अपनी हालिया बातचीत से बाइडन को अवगत कराने की भी उम्मीद है।
मिस्री ने कहा, “यह प्रधानमंत्री और राष्ट्रपति बाइडन के बीच एक ठोस वार्ता का अवसर होगा, जहां उन्हें भारत और अमेरिका के बीच व्यापक वैश्विक रणनीतिक साझेदारी की समीक्षा करने का अवसर मिलेगा, जो आज 50 प्लस वार्ताओं तथा द्विपक्षीय संवाद तंत्रों के माध्यम से मानव प्रयास के लगभग हर पहलू को कवर करता है।’’
वह मोदी की अमेरिका यात्रा के बारे में मीडिया को जानकारी दे रहे थे।
मिस्री ने कहा, ‘‘यह भारत-अमेरिका संबंधों को मजबूत करने और महत्वपूर्ण तथा उभरती प्रौद्योगिकियों पर पहल जैसी कई नयी पहलों में उनकी अग्रणी भूमिका के लिए राष्ट्रपति बाइडन को धन्यवाद देने का अवसर भी होगा।’’
विदेश सचिव ने कहा कि दोनों पक्षों को कुछ समझौतों का आदान-प्रदान करने का अवसर मिलेगा जिनमें से एक आईपीईएफ पर होगा।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)