देश की खबरें | प्रधानमंत्री मोदी, स्टालिन और अन्य नेताओं ने कामराज की जयंती पर उन्हें याद किया
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम के स्टालिन और कई अन्य नेताओं ने मंगलवार को पूर्व मुख्यमंत्री एवं कांग्रेस के प्रतिष्ठित नेता के. कामराज की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
चेन्नई, 15 जुलाई प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम के स्टालिन और कई अन्य नेताओं ने मंगलवार को पूर्व मुख्यमंत्री एवं कांग्रेस के प्रतिष्ठित नेता के. कामराज की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
प्रधानमंत्री ने राष्ट्र की ओर से श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि कामराज भारत के स्वतंत्रता संग्राम में अग्रणी भूमिका में थे और उन्होंने स्वतंत्रता के बाद देश की यात्रा के प्रारंभिक वर्षों में अमूल्य नेतृत्व प्रदान किया।
मोदी ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘कामराज के महान आदर्श और सामाजिक न्याय को लेकर उनके विचारों ने हम सभी को बहुत प्रेरित किया है।’’
कांग्रेस नेता को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए तमिलनाडु के राज्यपाल आर एन रवि ने कहा कि कामराज एक समर्पित राष्ट्रवादी, साहसी स्वतंत्रता सेनानी और आधुनिक तमिलनाडु के दूरदर्शी वास्तुकार थे।
रवि ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘उन्होंने (कामराज ने) हर गांव में स्कूल स्थापित करके शिक्षा को सार्वभौमिक बनाया, क्रांतिकारी मध्याह्न भोजन योजना शुरू की और हाशिये पर पड़े लोगों तथा दलितों के लिए अथक संघर्ष किया, सामाजिक न्याय को आगे बढ़ाया।’’
स्टालिन ने भी कांग्रेस नेता को उनकी 123वीं जयंती पर श्रद्धांजलि अर्पित की।
स्टालिन ने कामराज को एक सच्चा तमिल बताया, जिन्होंने पेरियार रामासामी के मार्गदर्शन में शासन किया।
मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘एक महान नेता जिन्होंने साहसपूर्वक घोषणा की कि प्रतिभा जन्म से नहीं आती, बल्कि अवसर मिलने पर कोई भी इसे प्राप्त कर सकता है।’’
स्टालिन ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘कामराज की जयंती पर मैं उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। कामराज लोगों के बीच एक साधारण नेता के रूप में रहे। मैंने लोगों तक पहुंचने के लिए (आज) उंगलुदान स्टालिन (स्टालिन आपके साथ) पहल की शुरुआत की। ’’
अन्नाद्रमुक के महासचिव ई के पलानीस्वामी, तमिलनाडु कांग्रेस समिति के अध्यक्ष के सेल्वापेरुन्थागई और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की राज्य इकाई के प्रमुख नैनार नागेंथिरन ने भी कामराज को श्रद्धांजलि अर्पित की।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jul 15, 2025 09:00 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

