ताजा खबरें | प्रधानमंत्री मोदी ने हिमाचल में कांग्रेस सरकार को गिराने के लिए हरसंभव प्रयास किए : प्रियंका गांधी
Get latest articles and stories on Latest News at LatestLY. कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाद्रा ने सोमवार को आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने हिमाचल प्रदेश में लोकतांत्रिक रूप से चुनी गई कांग्रेस सरकार को गिराने के लिए धन बल का इस्तेमाल कर हरसंभव प्रयास किए।
शिमला/धर्मशाला, 27 मई कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाद्रा ने सोमवार को आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने हिमाचल प्रदेश में लोकतांत्रिक रूप से चुनी गई कांग्रेस सरकार को गिराने के लिए धन बल का इस्तेमाल कर हरसंभव प्रयास किए।
उन्होंने दावा किया कि प्रधानमंत्री मोदी समेत भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेताओं का एकमात्र मकसद किसी भी कीमत पर सत्ता हासिल करना है और वे अपने इस मकसद को पूरा करने के लिए भ्रष्ट आचरण करते हैं, धन बल का इस्तेमाल करते हैं, विधायकों को रिश्वत देते हैं और भगवान के नाम पर लोगों को गुमराह करते हैं।
कांगड़ा लोकसभा सीट से पार्टी के उम्मीदवार आनंद शर्मा के समर्थन में चंबा में एक रैली को संबोधित करते हुए प्रियंका ने कहा, ‘‘मोदी ने राज्य में लोकतांत्रिक तरीके से चुनी गई कांग्रेस सरकार को भ्रष्ट आचरण के जरिए और धन बल का इस्तेमाल कर गिराने का हरसंभव प्रयास किया।’’
कांग्रेस महासचिव ने रैली में मौजूद लोगों की भीड़ से सवाल किया कि क्या वे ऐसे नेता को पसंद करेंगे?
कांगड़ा जिले में एक और रैली को संबोधित करते हुए उन्होंने हिमाचल में फरवरी-मार्च में हुए राजनीतिक उथल-पुथल का जिक्र किया और आरोप लगाया कि भाजपा ने (कांग्रेस के) प्रत्येक (बागी) विधायक को 100 करोड़ रुपये दिये थे।
प्रियंका ने कहा कि पिछले दो साल में, हिमाचल में दो बड़ी घटनाएं हुईं जिसने कांग्रेस और भाजपा का असली चेहरा प्रदर्शित किया है।
उन्होंने कहा, ‘‘पिछले साल मानसून की सबसे भयावह आपदा आई थी, जब कांग्रेस का हर नेता और कार्यकर्ता जमीन पर था, जबकि भाजपा कहीं नजर नहीं आ रही थी। दूसरी घटना, भाजपा द्वारा पैदा की गई राजनीतिक उथल-पुथल थी, जिसने चुनी हुई सरकार को गिराने की कोशिश की...विधायकों को 100-100 करोड़ रुपये दिए गए, रात में चोरों की तरह छिपकर चंडीगढ़ के एक होटल में ले जाया गया।’’
कांग्रेस नेता ने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार हिमाचल के प्रति उदासीन है और उसने आपदा के दौरान राहत कार्यों के लिए एक पैसा भी नहीं दिया और जो धनराशि मिलनी चाहिए थी उसे भी रोक दिया क्योंकि लोगों ने विधानसभा चुनावों में कांग्रेस को वोट दिया था।
प्रियंका ने आपदा प्रभावित परिवारों से मुलाकात की थी।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी दावा करते हैं कि हिमाचल उनका दूसरा घर है, लेकिन उन्होंने आपदा के दौरान एक बार भी राज्य का दौरा नहीं किया।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस 55 साल तक सत्ता में रहने के बावजूद सबसे अमीर पार्टी नहीं बन सकी, वहीं दूसरी ओर, भाजपा मात्र 10 साल में दुनिया की सबसे अमीर पार्टी बन गई।
प्रियंका ने कहा कि एक रिपोर्ट में दावा किया गया है कि भाजपा ने पिछले एक या दो साल में 60,000 करोड़ रुपए खर्च किए।
उन्होंने राज्य के साथ अपने लगाव पर भी बात की।
उन्होंने कहा, ‘‘मेरा दिल हिमाचल प्रदेश में है। यह एक खूबसूरत राज्य है जो अपनी संस्कृति और ईमानदारी के लिए जाना जाता है। देश को हिमाचल प्रदेश से सीखना चाहिए।’’
प्रधानमंत्री मोदी पर अपने करोड़पति दोस्तों को कोयला खदान, बंदरगाह और हवाई अड्डे जैसी राष्ट्रीय संपत्तियां बांटने का आरोप लगाते हुए प्रियंका ने कहा कि यह पैसा जुटाने के लिए किया जा रहा है, जिसकी जरूरत भाजपा को विधायकों की खरीद फरोख्त कर सरकारें गिराने और टेलीविजन चैनल चलाने के लिए पड़ती है।
यह दावा करते हुए कि केंद्र की सभी नीतियों और योजनाओं का उद्देश्य अमीरों को लाभ पहुंचाना है, उन्होंने आरोप लगाया कि अग्निपथ सैन्य भर्ती योजना रक्षा क्षेत्र में करोड़पतियों के हस्तक्षेप का मार्ग प्रशस्त करने के लिए लाई गई।
उन्होंने कहा, ‘‘हिमाचल में भी, अडाणी और अन्य बड़े कारोबारियों द्वारा बड़े शीत भंडार बनाए गए हैं, जो सेब की कीमत निर्धारित करेंगे।’’
मोदी पर कटाक्ष करते हुए कांग्रेस नेता ने कहा कि वह यहां एक पर्यटक की तरह आते हैं, तस्वीरें खींचते हैं और वीडियो ऑनलाइन पोस्ट करते हैं, जिसकी पृष्ठभूमि में बज रहे ‘‘चंबा कितनी दूर’’ गाने के साथ वह मंडी की खूबसूरती को कैद करते हैं।
उन्होंने दावा किया इस गाने से सच्चाई का पता चलता है क्योंकि प्रधानमंत्री मोदी को लोगों की दुर्दशा की कोई चिंता नहीं है।
प्रियंका ने यह भी कहा कि कांग्रेस ने गरीब परिवारों की सबसे उम्रदराज महिला सदस्य को 8,500 रुपये प्रति माह देने, महिलाओं को 50 प्रतिशत सरकारी नौकरियां देने और आशा, आंगनवाड़ी और मध्याह्न भोजन कार्यकर्ताओं का वेतन दोगुना करने का वादा किया है।
उन्होंने वादा किया कि केंद्र की सत्ता में आने पर कांग्रेस अग्निपथ योजना को खत्म कर देगी, किसानों को एमएसपी (न्यूनतम समर्थन मूल्य) सुनिश्चित करने के लिए एक कानून लाएगी, किसानों को ऋण देने के लिए स्थायी आयोग का गठन करेगी और 25 लाख रुपये तक मुफ्त चिकित्सा बीमा मुहैया करेगी।
कांग्रेस प्रत्याशी आनंद शर्मा ने भी अग्निवीर योजना की आलोचना की और कहा कि इस योजना में पेंशन या चिकित्सा सुविधा का कोई प्रावधान नहीं है।
उन्होंने कहा कि चार सुरंगों -- चम्बा-चौरी, होली-उतराला, बद्री पास और साच पास-- का निर्माण किया जाएगा और हिमाचल को धार्मिक परिपथ के अंतर्गत लाया जाएगा।
शर्मा ने कहा कि चंबा में एक मल्टी-स्पेशियलिटी अस्पताल और पासपोर्ट कार्यालय बनाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि फल उत्पादकों का लाभ सुनिश्चित करने के लिए फल प्रसंस्करण इकाइयों और कोल्ड स्टोरेज का निर्माण किया जाएगा।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)