देश की खबरें | प्रधानमंत्री मोदी ने पटना हवाई अड्डे के नये टर्मिनल भवन का उद्घाटन किया

पटना, 29 मई प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बृहस्पतिवार को पटना हवाई अड्डे के नये टर्मिनल भवन का उद्घाटन किया और शहर के बाहरी इलाके में स्थित बिहटा हवाई अड्डे पर एक नए असैन्य परिसर की आधारशिला रखी।

अधिकारियों ने बताया कि पटना स्थित जयप्रकाश नारायण अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर नया यात्री टर्मिनल भवन 1,200 करोड़ रुपये की लागत से तैयार किया गया है, जबकि बिहटा हवाई अड्डे पर असैन्य परिसर (सिविल एन्क्लेव) का विकास 1,410 करोड़ रुपये की लागत से किया जाएगा।

प्रधानमंत्री पश्चिम बंगाल से दो दिवसीय दौरे पर बिहार की राजधानी पटना पहुंचे और उन्होंने पटना हवाई अड्डे पर आयोजित एक समारोह में इन परियोजनाओं का अनावरण किया। बिहार में इस साल चुनाव होने हैं।

इस मौके पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी तथा विजय कुमार सिन्हा भी मौजूद रहे।

यहां जारी एक विज्ञप्ति के मुताबिक पटना हवाई अड्डे के नए टर्मिनल का क्षेत्रफल 65,150 वर्ग मीटर है और यह व्यस्त समय में 3,000 यात्रियों और सालाना एक करोड़ यात्रियों को संभालने के लिए विश्व स्तरीय सुविधाओं से लैस है।

इसमें कहा गया है कि भवन का डिजाइन क्षेत्र के परिदृश्य और मिथिला कला से प्रेरित है।

विज्ञप्ति के मुताबिक पटना हवाई अड्डे पर नया टर्मिनल भवन और बिहटा में प्रस्तावित असैन्य परिसर बढ़ते घरेलू यात्रियों की जरूरतें पूरी करेंगे और राज्य से संपर्क को मजबूत करेंगे, जिससे पर्यटन, व्यापार और निवेश के अवसरों को बढ़ावा मिलेगा।

इसमें कहा गया कि बिहटा में प्रस्तावित टर्मिनल भवन का क्षेत्रफल 68,000 वर्ग मीटर होगा। यह व्यस्त समय में 3,000 यात्रियों और सालाना 50 लाख यात्रियों को सेवा प्रदान करने में सक्षम होगा।

विज्ञप्ति में कहा गया कि इसके अलावा असैन्य परिसर में बहु मंजिला कार पार्किंग और सर्विस ब्लॉक जैसी सहायक इमारतें बनाई जाएंगी। यह विभिन्न कालखंडों के ऐतिहासिक प्रभावों का एक समृद्ध समिश्रण प्रस्तुत करेगा।

विज्ञप्ति के मुताबिक बिहटा में बनने वाले टर्मिनल भवन में ‘इन्सुलेटेड’ छत प्रणाली, एलईडी प्रकाश व्यवस्था और ‘ग्लेजिंग’ होगी जो आरामदायक तापमान बनाए रखने में सक्षम और ऊष्मा अंतरण को न्यूनतम करेगी।

इसमें कहा गया है कि ये परियोजनाएं व्यापार, वाणिज्य और पर्यटन के केंद्र के रूप में क्षेत्र की छवि में बदलाव करेंगी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)