देश की खबरें | प्रधानमंत्री मोदी, प्रख्यात हस्तियों ने 'रेडियो की खनकती आवाज' अमीन सयानी को दी श्रद्धांजलि
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. बेहद लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम "बिनाका गीतमाला" के जरिए देशवासियों के दिलों में जगह बनाने वाली खनकती आवाज के मालिक अमीन सयानी को बुधवार को विभिन्न हस्तियों ने श्रद्धांजलि दी जिनका 91 वर्ष की आयु में यहां निधन हो गया।
मुंबई, 21 फरवरी बेहद लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम "बिनाका गीतमाला" के जरिए देशवासियों के दिलों में जगह बनाने वाली खनकती आवाज के मालिक अमीन सयानी को बुधवार को विभिन्न हस्तियों ने श्रद्धांजलि दी जिनका 91 वर्ष की आयु में यहां निधन हो गया।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और कई फिल्मी हस्तियों ने अमीन सयानी को याद किया।
प्रधानमंत्री मोदी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘रेडियो पर अमीन सयानी की मखमली आवाज में एक आकर्षण और गर्मजोशी थी जिससे उन्होंने हर पीढ़ी के लोगों को अपना बना लिया। अपने काम के जरिए, उन्होंने भारतीय प्रसारण में क्रांति लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और अपने श्रोताओं के साथ बहुत ही मधुर संबंध स्थापित किया।’’
उन्होंने कहा, ‘‘उनके निधन से दुखी हूं। उनके परिवार, प्रशंसकों और सभी रेडियो प्रेमियों के प्रति संवेदना। उनकी आत्मा को शांति मिले।’’
प्रस्तोता के पुत्र राजिल सयानी ने बुधवार को कहा कि सयानी को मंगलवार रात दिल का दौरा पड़ा था जिसके बाद उन्हें दक्षिणी मुंबई के एक अस्पताल ले जाया गया जहां उनका निधन हो गया।
शाह ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, "सयानी जी के जाने से एक खालीपन पैदा हुआ है जिसे भरना मुश्किल है। उनकी स्वर्णिम विरासत उन्हें अमर बनाती है। उनके प्रियजनों और लाखों प्रशंसकों के प्रति मेरी संवेदनाएं हैं। ओम शांति।"
महाराष्ट्र के राज्यपाल रमेश बैस ने सयानी के निधन पर दुख व्यक्त किया और कहा कि उन्होंने अपनी अनूठी प्रस्तुति शैली से लाखों संगीत प्रेमियों का दिल जीता।
राज्यपाल बैस ने एक शोक संदेश में कहा कि ऑल इंडिया रेडियो और रेडियो सीलोन के साथ अपने लंबे सफर में अमीन सयानी ने अपनी अनूठी प्रस्तुति शैली और कई जिंगल के माध्यम से लाखों संगीत प्रेमियों का दिल जीता। उनके संबोधन "बहनों और भाईयों" ने भी उन्हें दर्शकों का चहेता बना दिया था।
महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस ने कहा कि वह सयानी के रेडियो कार्यक्रम सुनकर बड़े हुए हैं।
उपमुख्यमंत्री ने कहा,"गानों की तरह उनकी आवाज भी उतनी ही मधुर थी। मशहूर रेडियो प्रस्तोताओं में से एक अमीन सयानी जी के निधन के बारे में सुनकर दुख हुआ। उन्होंने 50,000 से अधिक रेडियो कार्यक्रम और लगभग 19,000 रेडियो जिंगल्स में अपनी आवाज दी। हम सभी के पास बचपन से ही उनसे जुड़ी इस तरह की मधुर यादें हैं। हम इसके साथ बड़े हुए हैं। इसके साथ ही वह एक महान इंसान भी थे।''
अभिनेता अनुपम खेर ने कहा कि "बिनाका गीतमाला" ने उनके लिए एक थेरेपी के रूप में काम किया।
उन्होंने 'एक्स' पर कहा,"मेरे बचपन का एक संगीतमय धागा आज टूट गया। जब हम छोटे थे तो पूरा परिवार अमीन सयानी जी की आवाज सुनने के लिए उत्सुक रहता था। कभी-कभी तो गायकों से भी अधिक हमारे लिए बिनाका गीतमाला एक थेरेपी के रूप में काम करता था। आपकी आवाज और व्यक्तित्व के लिए धन्यवाद अमीन सयानी सर, ओम शांति।"
फिल्म निर्माता मधुर भंडारकर ने कहा, "बिनाका गीतमाला की महान अविस्मरणीय आवाज यानी अमीन सयानी सर को हमेशा याद रखा जाएगा।"
'गदर' के निर्देशक अनिल शर्मा ने कहा कि उन्हें सयानी के निधन के बारे में जानकर गहरा दुख हुआ। उन्होंने ही शर्मा को पहला वेतन दिया था।
शर्मा ने 'एक्स' पर लिखा,''एक समय इनके बिना फिल्म इंडस्ट्री नहीं चलती थी। बिनाका गीतमाला रेडियो का सबसे लोकप्रिय कार्यक्रम था। वह एक महान व्यक्ति थे और हम उन्हें याद करेंगे।''
उन्होंने लिखा, ‘‘ मेरे जीवन का पहला दो सौ रूपये का चेक मुझे अमीन सयानी साहब से मिला था। ओम शांति!’’
अभिनेता रजा मुराद ने सयानी को रेडियो का "बादशाह" कहा।
अभिनेता ने 'पीटीआई-' से कहा, "मैं सदमे में हूं। वह रेडियो के बादशाह थे जैसे कि लता मंगेशकर जी संगीत की सुर-साम्राज्ञी थी। मैं हर बुधवार को उनके शो बिनाका गीतमाला का बेसब्री से इंतजार करता था।"
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Feb 21, 2024 05:06 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

