प्रधानमंत्री मोदी ने इंडोनेशिया के राष्ट्रपति के साथ कोविड-19 संकट पर चर्चा की
मोदी ने अपने ट्वीट में कहा, ‘‘ अपने अच्छे मित्र राष्ट्रपति जोको विडोडो के साथ कोविड-19 महामारी पर चर्चा की । ’’
नयी दिल्ली, 28 अप्रैल प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को इंडोनेशिया के राष्ट्रपति जोको विडोडो के साथ टेलीफोन पर बातचीत की और कोविड-19 महामारी के कारण उत्पन्न आर्थिक एवं स्वास्थ्य चुनौतियों से निपटने में, दोनों देशों के बीच करीबी सहयोग को महत्वपूर्ण बताया।
मोदी ने अपने ट्वीट में कहा, ‘‘ अपने अच्छे मित्र राष्ट्रपति जोको विडोडो के साथ कोविड-19 महामारी पर चर्चा की । ’’
प्रधानमंत्री कार्यालय के बयान के अनुसार, मोदी ने इंडोनेशिया के राष्ट्रपति को आश्वासन दिया कि भारत चिकित्सा उत्पादों या दोनों देशों के बीच व्यापार की जाने वाली अन्य वस्तुओं की आपूर्ति जारी रखने का पूरा प्रयास करेगा।
प्रधानमंत्री ने कहा कि इस संकट के कारण उत्पन्न आर्थिक एवं स्वास्थ्य चुनौतियों से निपटने में, भारत और इंडोनेशिया के बीच करीबी सहयोग महत्वपूर्ण होगा ।
बयान के अनुसार, दोनों नेताओं ने एक दूसरे के यहां मौजूद अपने-अपने देश के नागरिकों से संबंधित मुद्दों पर चर्चा की और इस बात पर सहमति जताई कि उनकी टीमें इस संबंध में हरसंभव सुविधा सुनिश्चित करने के लिए आपस में संपर्क में रहेंगी।
मोदी ने कहा कि इंडोनेशिया भारत के विस्तारित पड़ोस में एक महत्वपूर्ण समुद्री साझेदार है, और द्विपक्षीय संबंधों की मजबूती दोनों ही देशों को इस महामारी से लड़ने में मदद करेगी।
विडोडो ने इंडोनेशिया को दवा की आपूर्ति के लिए भारत सरकार द्वारा दी गई सुविधा की सराहना की।
प्रधानमंत्री मोदी ने रमजान के पवित्र महीने के लिए राष्ट्रपति विडोडो और इंडोनेशिया के लोगों को शुभकामनाएं भी दीं।
गौरतलब है कि कोरोना वायरस महामारी के कारण उत्पन्न चुनौतियों के बीच प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पिछले कुछ समय से दुनिया के विभिन्न देशों के शासनाध्यक्षों के साथ, इस संकट और इससे निपटने के उपायों पर लगातार चर्चा कर रहे हैं ।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Apr 28, 2020 05:23 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

