देश की खबरें | प्रधानमंत्री मोदी, मुख्यमंत्री नायडू ने प्रौद्योगिकी विशेषज्ञ के तौर पर एक-दूसरे की सराहना की
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने शुक्रवार को प्रौद्योगिकी के प्रति अपनी प्राथमिकता को लेकर एक-दूसरे की जमकर प्रशंसा की और एक-दूसरे को शासन के लिए आधुनिक प्रौद्योगिकी के उपयोग में ‘विशेषज्ञ’ बताया।
अमरावती, दो मई प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने शुक्रवार को प्रौद्योगिकी के प्रति अपनी प्राथमिकता को लेकर एक-दूसरे की जमकर प्रशंसा की और एक-दूसरे को शासन के लिए आधुनिक प्रौद्योगिकी के उपयोग में ‘विशेषज्ञ’ बताया।
अमरावती राजधानी परियोजना के पुनः शुरू होने पर दोनों नेताओं ने एक दूसरे की पीठ थपथपाई। मोदी ने 94 परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया, जिनमें राजधानी शहर के संस्थान, राष्ट्रीय राजमार्ग, रेलवे उन्नयन और रक्षा संबंधी प्रतिष्ठान शामिल हैं, जिनकी कीमत 58,000 करोड़ रुपये है।
मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि वह यह खुलासा करेंगे कि जब वह 2000 के दशक की शुरुआत में गुजरात के मुख्यमंत्री बने थे, तो वह नायडू (जो अविभाजित आंध्र प्रदेश में उनके समकक्ष थे) का बारीकी से अध्ययन करते थे कि दक्षिणी राज्य में किस तरह की पहल की जा रही है और उन्होंने “बहुत कुछ सीखा”।
उनकी यह टिप्पणी नायडू, जिन्हें अक्सर एक तकनीक प्रेमी नेता के रूप में देखा जाता है, द्वारा शासन में प्रौद्योगिकी के प्रभावी उपयोग के लिए प्रधानमंत्री की प्रशंसा किए जाने के बाद आई है।
मोदी ने कहा, “अभी हमारे चंद्रबाबू जी प्रौद्योगिकी के संबंध में मेरी तारीफ कर रहे थे। लेकिन मैं आज एक रहस्य बताता हूं। जब मैं गुजरात का नया-नया मुख्यमंत्री बना था, (उस समय) हैदराबाद में चंद्रबाबू जी ने क्या-क्या कदम उठाए हैं, उसका मैं बहुत बारीकी से अध्ययन करता था। और मैं उससे बहुत कुछ सीखता था और आज मुझे उनको लागू करने का मौका मिला है और मैं उनको लागू कर रहा हूं।”
उन्होंने आगे कहा कि वह अपने अनुभव से कह सकते हैं कि चाहे भविष्य की तकनीक हो, बड़े पैमाने पर परियोजनाओं पर काम करना हो और उन्हें तेजी से लागू करना हो, नायडू यह काम बेहतरीन तरीके से कर सकते हैं।
इससे पहले अपने भाषण में नायडू ने मोदी की सराहना करते हुए कहा कि कोई भी अन्य राजनेता प्रौद्योगिकी को प्रधानमंत्री की तरह नहीं समझ सकता है तथा आंध्र प्रदेश प्रधानमंत्री से प्रेरणा लेते हुए एआई (कृत्रिम बुद्धिमत्ता) और क्वांटम प्रौद्योगिकी पर ध्यान केंद्रित कर रहा है।
नायडू ने कहा, “सर, मुझे आपको यह बताते हुए बहुत खुशी हो रही है कि टेक्नोलॉजी का मतलब सिर्फ नरेन्द्र मोदी जी हैं। कोई भी दूसरा राजनेता प्रौद्योगिकी को नहीं समझ सकता। सिर्फ मोदी जी ही प्रौद्योगिकी को समझ रहे हैं। सर, आप इस देश में सेमीकंडक्टर लेकर आए। आप इस देश को जेएएम मॉडल लेकर आए – जनधन, आधार, मोबाइल...।”
मोदी ने आगे कहा कि आने वाले वर्षों में अमरावती सूचना प्रौद्योगिकी, कृत्रिम बुद्धिमत्ता, हरित ऊर्जा, स्वच्छ उद्योग, शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में अग्रणी शहर के रूप में उभरेगा।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार इन क्षेत्रों में आवश्यक बुनियादी ढांचे को रिकॉर्ड गति से पूरा करने में राज्य सरकार को मदद दे रही है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)