देश की खबरें | केंद्रीय बजट में मूल्य वृद्धि और बेरोजगारी की चुनौतियों का समाधान नहीं किया गया : पटनायक
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. बीजू जनता दल (बीजद) के अध्यक्ष एवं ओडिशा विधानसभा में विपक्ष के नेता नवीन पटनायक ने शनिवार को आरोप लगाया कि केंद्रीय बजट 2025-26 में मूल्य वृद्धि और बेरोजगारी की चुनौतियों का समाधान नहीं किया गया है।
भुवनेश्वर, एक फरवरी बीजू जनता दल (बीजद) के अध्यक्ष एवं ओडिशा विधानसभा में विपक्ष के नेता नवीन पटनायक ने शनिवार को आरोप लगाया कि केंद्रीय बजट 2025-26 में मूल्य वृद्धि और बेरोजगारी की चुनौतियों का समाधान नहीं किया गया है।
पटनायक ने दावा किया कि ओडिशा की विशेष श्रेणी के दर्जे की वास्तविक मांग को केंद्र सरकार ने खारिज कर दिया है, जबकि अन्य राज्यों को विशेष प्रावधान मिले हैं।
पांच बार ओडिशा के मुख्यमंत्री रहे पटनायक ने कहा, ‘‘आज देश के युवाओं को नौकरियों की सख्त जरूरत है और आम लोग आवश्यक वस्तुओं की अनियंत्रित मूल्य वृद्धि का खामियाजा भुगत रहे हैं। यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि देश के सामने मौजूद दो सबसे बड़ी चुनौतियों का बजट 2025 में समाधान नहीं किया गया है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘ओडिशा हर साल होने वाली कई प्राकृतिक आपदाओं के मद्देनजर विशेष श्रेणी का दर्जा मांग रहा है, जबकि अन्य राज्यों को बजट में विशेष प्रावधान मिल रहे हैं, फिर भी केंद्र सरकार ने ओडिशा की वास्तविक मांग को पूरी तरह से नजरअंदाज कर दिया है।’’
बीजद प्रवक्ता लेनिन मोहंती ने आरोप लगाया कि केंद्र ने इस साल के अंत में बिहार में होने वाले विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए उसपर धन बरसाया है।
इस बीच, कुरनूल से प्राप्त खबर के अनुसार, युवजन श्रमिक रायथू कांग्रेस पार्टी (वाईएसआरसीपी) के वरिष्ठ नेता बी राजेंद्रनाथ रेड्डी ने शनिवार को आरोप लगाया कि आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू 2025-26 के केंद्रीय बजट में राज्य के लिए उचित आवंटन सुनिश्चित कराने में "विफल" रहे।
वाईएसआरसीपी नेता रेड्डी ने नायडू पर अधिक छूट हासिल करने के लिए केंद्र पर दबाव बनाने में "विफल" रहने का आरोप लगाया और कहा कि फायदा बिहार को मिला।
वित्त वर्ष 2025-26 के लिए केंद्रीय बजट में आंध्र प्रदेश को क्या मिला, इस पर सवाल उठाते हुए उन्होंने नायडू पर "इस मामले पर निराशा भी व्यक्त नहीं करने" के लिए निशाना साधा।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)