रांची, पांच सितंबर झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) और उसकी सहयोगी कांग्रेस ने मंगलवार को जी20 रात्रिभोज के निमंत्रण को लेकर भाजपा नीत केंद्र सरकार पर निशाना साधा, जिसमें द्रौपदी मुर्मू को 'प्रेसिडेंट ऑफ भारत' कहा गया है। झामुमो ने इसे ''वास्तविक मुद्दों से ध्यान भटकाने का प्रयास'' बताया।
झारखंड कांग्रेस के अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने दावा किया कि सत्तारूढ़ भाजपा इस तरह के कदम इसलिए उठा रही है क्योंकि वह विपक्षी दलों के गठबंधन ‘इंडिया’ से "डरी हुई" है।
उन्होंने कहा, "अब, आरएसएस के लोग तय कर रहे हैं कि प्रेजिडेंट ऑफ इंडिया होना चाहिए या भारत। कुछ दिन पहले आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत ने इंडिया के बजाय भारत का इस्तेमाल करने की वकालत की थी और इसका असर अब देखा जा सकता है।"
केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर, मुर्मू का एक जी20 रात्रिभोज निमंत्रण साझा किया है, जिसमें उन्हें 'प्रेजिडेंट ऑफ भारत' बताया गया है।
ठाकुर ने कहा, "वे इंडिया गठबंधन से परेशान हैं, इसलिए वे अंग्रेजी और हिंदी शब्दों की जुगलबंदी कर रहे हैं। वे संविधान का मजाक बना रहे हैं।"
जेएमएम के प्रवक्ता सुप्रियो भट्टाचार्य ने पत्रकारों से कहा, "शिक्षक दिवस पर 'प्रेजिडेंट ऑफ भारत' के रूप में एक नई शब्दावली गढ़ी गई है. क्या वे इंडिया गेट और गेटवे ऑफ इंडिया के नाम भी बदल देंगे?"
उन्होंने दावा किया कि केंद्र में सत्तारूढ़ भाजपा विपक्षी गठबंधन इंडिया से "डरी हुई" है।
भट्टाचार्य ने कहा, "वे डरे हुए हैं क्योंकि घोटाले खुलकर सामने आ रहे हैं। मैं कहता रहा हूं कि एनडीए नेशनल डिजास्टर अलायंस है जो देश और संविधान का चेहरा बदल देगा।"
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY