देश की खबरें | राष्ट्रपति मुर्मू बृहस्पतिवार को दिव्यांग व्यक्तियों के संस्थान का दौरा करेंगी

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू बृहस्पतिवार को यहां ‘‘पंडित दीनदयाल उपाध्याय राष्ट्रीय शारीरिक दिव्यांगजन संस्थान’’ का दौरा करेंगी।

नयी दिल्ली, 19 जून राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू बृहस्पतिवार को यहां ‘‘पंडित दीनदयाल उपाध्याय राष्ट्रीय शारीरिक दिव्यांगजन संस्थान’’ का दौरा करेंगी।

मुर्मू अपनी यात्रा के दौरान पंडित दीनदयाल उपाध्याय को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगी और उसके बाद वह संस्थान परिसर में औपचारिक रूप से एक पौधा लगाएंगी, जो विकास और नवीनीकरण का प्रतीक है।

एक आधिकारिक बयान के अनुसार, राष्ट्रपति मुर्मू इसके बाद प्रोस्थेटिक्स और ऑर्थोटिक्स कार्यशाला का निरीक्षण करेंगी, जिसमें शारीरिक रूप से दिव्यांग व्यक्तियों के जीवन को बेहतर बनाने में पुनर्वास सेवाओं के महत्व पर जोर दिया जाएगा।

उनके दौरे में ‘क्रॉस डिसेबिलिटी अर्ली इंटरवेंशन सेंटर’ का दौरा भी शामिल होगा, जहां वह उपचार करा रहे बच्चों से बातचीत करेंगी, उनके स्वास्थ्य में हो रही प्रगति के बारे में जानकारी हासिल करेंगी।

दिव्यांग बच्चों की प्रतिभा और उपलब्धियों को उजागर करते हुए राष्ट्रपति के लिए एक सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन भी किया गया है, जिसमें उन बच्चों के विविध कौशल और क्षमताओं का प्रदर्शन किया जाएगा।

बयान में कहा गया है कि प्रस्तुतियों के बाद राष्ट्रपति मुर्मू संस्थान के बच्चों और कर्मचारियों को संबोधित करेंगे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\