देश की खबरें | राष्ट्रपति मुर्मू ने पहलगाम आतंकवादी हमले के बाद एकजुटता के लिए ईरान का आभार जताया

नयी दिल्ली, आठ मई राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने पहलगाम आतंकवादी हमले के बाद एकजुटता के संदेश के लिए बृहस्पतिवार को ईरान का आभार जताया।

मुर्मू ने ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची के साथ बैठक के दौरान आभार व्यक्त किया। अराघची ने यहां राष्ट्रपति भवन में मुर्मू से मुलाकात की।

अराघची की भारत यात्रा दोनों देशों के बीच राजनयिक संबंधों की 75वीं वर्षगांठ के विशेष अवसर पर हो रही है। हालांकि, यह पूर्व निर्धारित यात्रा ऐसे समय में हुई, जब आतंकवादी हमले और ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के बाद पाकिस्तान और भारत के बीच तनाव बढ़ गया है।

ईरानी विदेश मंत्री के साथ बैठक के दौरान राष्ट्रपति ने कहा कि भारत और ईरान ने न केवल ‘‘दीर्घकालिक मित्रता बरकरार रखी है, बल्कि क्षेत्रीय शांति एवं समृद्धि के लिए मिलकर काम भी किया है।’’

उन्होंने कहा कि इन 75 वर्षों में दोनों देशों के संबंध विविध क्षेत्रों में प्रगाढ़ हुए हैं, चाहे वह सांस्कृतिक सहयोग हो, व्यापार और ऊर्जा साझेदारी हो, या क्षेत्रीय एवं वैश्विक मंचों पर रणनीतिक समन्वय हो।

राष्ट्रपति भवन द्वारा जारी एक बयान के अनुसार, मुर्मू ने चाबहार बंदरगाह की पूरी क्षमता का उपयोग करने में दोनों पक्षों के सहयोग का भी स्वागत किया।

अराघची बृहस्पतिवार सुबह नयी दिल्ली पहुंचे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)