जयपुर, 13 जुलाई राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू राजस्थान के तीन दिवसीय दौरे पर बृहस्पतिवार की शाम जयपुर पहुंचीं, जहां हवाई अड्डे पर राज्यपाल ने उनका स्वागत किया । एक अधिकारी ने इसकी जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि सांगानेर हवाई अड्डे के स्टेट हैंगर में राज्यपाल कलराज मिश्र ने उनकी अगवानी की। इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष डॉ. सी.पी. जोशी, उद्योग मंत्री शकुंतला रावत, मुख्य सचिव उषा शर्मा, पुलिस महानिदेशक उमेश मिश्रा भी मौजूद थे।
उल्लेखनीय है कि राजस्थान विधानसभा का सत्र शुक्रवार से दोबारा शुरू होगा, जिसमें राष्ट्रपति का विशेष सम्बोधन होगा।
विधानसभा अधिकारियों के अनुसार राजस्थान विधानसभा के पुन: शुरू हो रहे आठवें सत्र में शुक्रवार 14 जुलाई को सुबह 11 बजे सदन में राष्ट्रपति मुर्मू का विशेष सम्बोधन होगा।
राजस्थान विधानसभा में राष्ट्रपति का संबोधन पहली बार हो रहा है और इस मौके पर राज्यपाल कलराज मिश्र भी मौजूद रहेंगे।
शुक्रवार शाम को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू राष्ट्रमंडल संसदीय संघ (राजस्थान शाखा) के तत्वावधान में राजस्थान विधानसभा द्वारा आयोजित समारोह को संबोधित करेंगी। दिन में उनका सीकर में खाटू श्याम जी मंदिर जाने का भी कार्यक्रम है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY