देश की खबरें | राष्ट्रपति मुर्मू ने अपने गृह नगर रायरंगपुर में हॉलिडे होम, खेल परिसर की आधारशिला रखी
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने बुधवार को मयूरभंज जिले के खिचिंग में मां किचकेश्वरी मंदिर में पूजा-अर्चना करने के बाद अपने गृह नगर रायरंगपुर में केंद्र सरकार के हॉलिडे होम और खेल परिसर की आधारशिला रखी।
बारीपदा (ओडिशा), 28 फरवरी राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने बुधवार को मयूरभंज जिले के खिचिंग में मां किचकेश्वरी मंदिर में पूजा-अर्चना करने के बाद अपने गृह नगर रायरंगपुर में केंद्र सरकार के हॉलिडे होम और खेल परिसर की आधारशिला रखी।
राष्ट्रपति मुर्मू ने विभिन्न सड़क परियोजनाओं की डिजिटल तरीके से आधारशिला रखी और आदिवासी बहुल मयूरभंज जिले में एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय, बरसाही का उद्घाटन किया।
देश की पहली आदिवासी राष्ट्रपति मुर्मू ने कहा कि केंद्र आदिवासी क्षेत्रों के विकास और आदिवासी भाइयों और बहनों की प्रगति को प्राथमिकता दे रहा है। उन्होंने कहा कि बिजली और सड़कों के विस्तार के साथ-साथ आदिवासी परिवारों को नल से जल उपलब्ध कराने की प्रक्रिया भी शुरू हो गई है।
मुर्मू ओडिशा के चार दिवसीय दौरे पर हैं। उन्होंने कहा कि सिकल सेल एनीमिया को खत्म करने के लिए एक राष्ट्रीय मिशन शुरू किया गया है, जिससे आदिवासी बिरादरी की पीढ़ियां पीड़ित हैं।
राष्ट्रपति ने आदिवासियों को उनके कल्याण से जुड़ी विभिन्न योजनाओं के बारे में जागरूक होने और उनके लाभार्थी बनने का आग्रह किया। उन्होंने कहा, ‘‘जनता की भागीदारी के बिना देश का विकास संभव नहीं है।’’
उन्होंने कहा कि समाज के विकास के लिए शिक्षा बहुत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि सरकार आदिवासी छात्रों के लिए एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय खोल रही है। उन्होंने कहा, ‘‘हालांकि सरकार स्कूल स्थापित कर रही है, लेकिन यह माता-पिता की जिम्मेदारी है कि वे अपने बच्चों को स्कूल भेजें।’’ उन्होंने लोगों से अपने बच्चों को स्कूल भेजने का आह्वान किया।
महिला सशक्तीकरण पर जोर देते हुए राष्ट्रपति ने कहा कि सशक्त समाज के लिए यह सबसे जरूरी है। उन्होंने कहा, ‘‘इसलिए सरकार महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के लिए विभिन्न योजनाएं चला रही है। लेकिन सभी के सहयोग और साझेदारी से ही सरकारी योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ लाभार्थियों तक पहुंच पाएगा।’’
राष्ट्रपति ने विश्वास जताया कि बुधवार को शुरू की गईं सड़क परियोजनाएं सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करेंगी। उन्होंने कहा कि खेल परिसर के निर्माण से युवाओं के लिए बेहतर खेल के अवसर उपलब्ध होंगे। उन्होंने कहा कि हॉलिडे होम के निर्माण के बाद लोग रायरंगपुर आने के लिए प्रोत्साहित होंगे। उन्होंने कहा कि इससे स्थानीय लोगों को रोजगार भी मिलेगा।
इससे पहले मुर्मू अपनी बेटी इतिश्री मुर्मू, ओडिशा के राज्यपाल रघुबर दास और केंद्रीय मंत्री बिशेश्वर टुडू सहित अन्य लोगों के साथ खिचिंग में स्थित आठवीं शताब्दी के किचकेश्वरी मंदिर पहुंचीं और पूजा-अर्चना की।
मुर्मू ने कहा कि उन्होंने देवी किचकेश्वरी की ‘आरती’ की, जिनकी पूजा क्षेत्र की अधिष्ठात्री देवी चामुंडा या काली के रूप में की जाती है।
मंदिर के पुजारियों ने बताया कि राष्ट्रपति ने राष्ट्रपति भवन के कर्मचारियों के साथ मंदिर के फर्श पर बैठकर केले के पत्ते पर ‘प्रसाद’ भी ग्रहण किया।
मंदिर के रास्ते में सैकड़ों स्कूली बच्चों ने झंडे लहराये और आदिवासियों ने अपने पारंपरिक संगीत और नृत्य के साथ राष्ट्रपति का स्वागत किया।
राष्ट्रपति का हेलीकॉप्टर सुक्रिली के पांडारशिला फुटबॉल मैदान में एक अस्थायी हेलीपैड पर उतरा, जहां राज्यपाल दास और केंद्रीय मंत्री टुडू ने उनका स्वागत किया।
मुर्मू रांची में केंद्रीय विश्वविद्यालय झारखंड (सीयूजे) के दीक्षांत समारोह में भाग लेने के बाद ओडिशा पहुंचीं।
राष्ट्रपति मुर्मू का ओडिशा के चार दिवसीय दौरे के दौरान, मयूरभंज, क्योंझर, संबलपुर, बेरहामपुर, कटक और खुर्दा जिलों में कई कार्यक्रमों में भाग लेने का कार्यक्रम है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Feb 28, 2024 10:22 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

