देश की खबरें | राष्ट्रपति मुर्मू ने गुरु नानक देव की जयंती की पूर्व संध्या पर लोगों को बधाई दी

नयी दिल्ली, 26 नवंबर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने रविवार को पहले सिख गुरु, गुरु नानक देव की जयंती की पूर्व संध्या पर लोगों को बधाई दी और सभी से समानता, भाईचारे और सद्भाव के लिए खुद को समर्पित करने का आह्वान किया।

उन्होंने अपने संदेश में कहा कि गुरु नानक देव की शिक्षाओं में समानता और निस्वार्थ सेवा के मूल्यों पर जोर दिया गया है।

मुर्मू ने कहा, ‘‘गुरु नानक देव जी का मानना था कि मानवता की सेवा भगवान की सेवा है। उन्होंने लोगों को प्रेम, शांति और करुणा के मूल्यों का पालन करने के लिए प्रेरित किया।’’

राष्ट्रपति ने कहा कि गुरु नानक देव ने ज्ञान का प्रकाश फैलाया और अपनी उत्कृष्ट कविता और ‘शबद’ के माध्यम से लोगों को आध्यात्मिकता का मार्ग दिखाया।

उन्होंने कहा, ‘‘आइए हम अपने विचार, वाणी और कार्य में उनकी शिक्षाओं का पालन करें और समानता, भाईचारे तथा सद्भाव के लिए खुद को समर्पित करें।’’

मुर्मू ने कहा, ‘‘गुरु नानक देव जी की जयंती के अवसर पर, मैं भारत और विदेशों में रहने वाले सभी भारतीयों, विशेषकर सिख भाइयों और बहनों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं देती हूं।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)