विदेश की खबरें | महारानी की राजकीय अंत्येष्टि में शरीक हो रहे शिष्टमंडल में राष्ट्रपति मुर्मू, विदेश सचिव शामिल
श्रीलंका के प्रधानमंत्री दिनेश गुणवर्धने

(अदिति खन्ना)

लंदन, 19 सितंबर महारानी एलिजाबेथ द्वितीय की यहां वेस्टमिंस्टर एबे में सोमवार को राजकीय अंत्येष्टि में शरीक हो रहे आधिकारिक भारतीय शिष्टमंडल में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और विदेश सचिव विनय क्वात्रा शामिल हैं।

राष्ट्रपति और विदेश सचिव तंजानिया की राष्ट्रपति सामिया सुलुहू हसन और सिंगापुर की राष्ट्रपति हलीमा याकूब सहित अन्य राष्ट्रमंडल सदस्य देशों के राष्ट्राध्यक्षों के साथ महारानी की शव यात्रा में शामिल होने वेस्टमिंस्टर एबे पहुंचे।

इससे पहले, राष्ट्रपति मुर्मू ने बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना और उनकी बहन शेख रेहाना से मुलाकात की।

राष्ट्रपति भवन ने ट्वीट किया, ‘‘राष्ट्रपति मुर्मू ने लंदन में राजकीय अंत्येष्टि शुरू होने से कुछ समय पहले बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना और उनकी बहन, शेख रेहाना से मुलाकात की।’’

मुर्मू महारानी की राजकीय अंत्येष्टि में शामिल होने के लिए तीन दिनों की यात्रा पर शनिवार से लंदन में हैं।

महारानी एलिजाबेथ द्वितीय का आठ सितंबर को निधन हो गया था। वह 96 वर्ष की थीं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)