देश की खबरें | राष्ट्रपति मुर्मू ने भारत, गुयाना के द्विपक्षीय व्यापार में और विविधता लाने की जरूरत बतायी
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भारत और गुयाना के बीच व्यापार में हो रही बढ़ोतरी को रेखांकित करते हुए शुक्रवार को कहा कि दोनों देशों के द्विपक्षीय व्यापार में और अधिक विविधता लाने की जरूरत है।
नयी दिल्ली, 24 फरवरी राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भारत और गुयाना के बीच व्यापार में हो रही बढ़ोतरी को रेखांकित करते हुए शुक्रवार को कहा कि दोनों देशों के द्विपक्षीय व्यापार में और अधिक विविधता लाने की जरूरत है।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने शुक्रवार को राष्ट्रपति भवन में गुयाना के उपराष्ट्रपति डॉ. भरत जगदेव से भेंट की।
राष्ट्रपति भवन के बयान के अनुसार, राष्ट्रपति ने कहा कि भारत, गुयाना के साथ अपने संबंधों को काफी अधिक महत्व देता है और पिछले 180 वर्षों से गुयाना, भारतीयों का घर रहा है।
उन्होंने कहा कि भारत और गुयाना भौगोलिक रूप से काफी दूर हैं, लेकिन औपनिवेशिक अतीत, मुख्य रूप से कृषि व ग्रामीण आधारित अर्थव्यवस्थाएं और बहुसांस्कृतिक समाज जैसी कई समानताएं हैं।
मुर्मू ने कहा, ‘‘भारत और गुयाना के बीच व्यापार में बढ़ोतरी हो रही है। महामारी के बावजूद 2021-22 में द्विपक्षीय व्यापार में 300 फीसदी से अधिक की वृद्धि हुई है।’’
उन्होंने द्विपक्षीय व्यापार में और अधिक विविधता लाने की जरूरत पर जोर देते हुए कहा कि विकास साझेदारी भारत-गुयाना संबंधों का एक प्रमुख आधार है।
राष्ट्रपति ने इस बात पर अपनी प्रसन्नता व्यक्त की कि अब तक गुयाना के 640 से अधिक सरकारी अधिकारियों को भारत के आईटीईसी कार्यक्रम के तहत प्रशिक्षित किया जा चुका है।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि डॉ. भरत जगदेव की यह यात्रा भारत और गुयाना के बीच मित्रता के ऐतिहासिक संबंधों को और अधिक मजबूत करेगी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)