देश की खबरें | राष्ट्रपति चुनाव : बिहार के सहकारिता मंत्री व गोपालगंज से भाजपा विधायक सुभाष सिंह नहीं कर सके मतदान

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. बिहार के सहकारिता व और गोपालगंज से भाजपा विधायक सुभाष सिंह सोमवार को राष्ट्रपति चुनाव के लिए हुए मतदान में वोट नहीं डाल सके।

पटना, 18 जुलाई बिहार के सहकारिता व और गोपालगंज से भाजपा विधायक सुभाष सिंह सोमवार को राष्ट्रपति चुनाव के लिए हुए मतदान में वोट नहीं डाल सके।

बिहार के 243 में से 241 विधायकों ने सोमवार को अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतदान पूर्वाह्न 10 बजे से शुरू होकर शाम पांच बजे तक चला।

गौरतलब है कि राष्ट्रपति चुनाव के लिए दो प्रत्याशी मैदान में हैं... राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) प्रत्याशी द्रौपदी मुर्मू और विपक्ष के संयुक्त प्रत्याशी यशवंत सिन्हा।

मतदान समाप्त होने के बाद पत्रकारों से बातचीत में भाजपा विधायक व राष्ट्रपति चुनाव के लिए पार्टी पर्यवेक्षक संजय सरावगी ने कहा, ‘‘हमारी पार्टी के विधायक और राज्य मंत्री सुभाष सिंह बीमार होने के कारण वोट नहीं डाल सके। वह वर्तमान में अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान, नयी दिल्ली में भर्ती हैं।

बाकी सभी 126 राजग विधायकों ने राष्ट्रपति पद के लिए गठबंधन की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू के पक्ष में वोट डाला।’’

उन्होंने दावा किया, ‘‘मैं पूरे विश्वास के साथ कह सकता हूं कि मुर्मू को बिहार के 126 से ज्यादा विधायकों का वोट मिला है।’’

हालांकि, पहचान गुप्त रखने की शर्त पर राज्य में भाजपा के एक अन्य वरिष्ठ नेता ने दावा किया कि विपक्षी दलों की महिला विधायकों के एक वर्ग ने भी मुर्मू के पक्ष में मतदान किया है।

बिहार विधानसभा के अध्यक्ष विजय कुमार सिन्हा, उपमुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद एवं रेणु देवी तथा प्रतिपक्ष के नेता तेजस्वी यादव शुरुआती मतदाताओं में से थे जिन्होंने आज मतदान किया।

करीब एक महीने पहले सड़क हादसे का शिकार हुए भाजपा विधायक मिथिलेश कुमार वोट डालने के लिए स्ट्रेचर पर पहुंचे। वहीं झाझा से कोविड से जूझ रहे पार्टी विधायक दामोदर रावत ने पीपीई किट पहनकर वोट डाला।

बिहार में राष्ट्रपति चुनाव के पीठासीन अधिकारी द्वारा जारी एक बयान के अनुसार, ‘‘कुल 34 अप्रयुक्त मतपत्रों को सीलबंद मतपेटी के साथ चुनाव आयोग को वापस भेज दिया गया। विधायकों ने 275 में से केवल 241 मतपत्रों का ही इस्तेमाल किया। इसके अलावा सांसदों के लिए बने सभी 50 मतपत्रों को चुनाव आयोग को वापस भेज दिया गया क्योंकि बिहार के किसी भी सांसद ने यहां वोट नहीं डाला।’’

बिहार से कुल 56 सांसद हैं (40 लोकसभा और 16 राज्यसभा सदस्य) जिनका कुल वोट मूल्य 39,200 है। इसमें से मुर्मू को कुल 33,600 वोट कीमत मिलने की उम्मीद है क्योंकि गठबंधन के लोकसभा में 39 और राज्यसभा में नौ सदस्य हैं।

चूंकि बिहार के प्रत्येक विधायक के वोट का मूल्य 173 है, पिछले सप्ताह 243 सदस्यीय सदन से राजद विधायक अनंत सिंह की अयोग्यता के बाद राज्य के बाकी बचे विधायकों के वोटों का कुल मूल्य 41866 है। राज्य विधानसभा में सत्तारूढ़ गठबंधन के पास अब 127 विधायक हैं। भाजपा के 77, जदयू के 45, हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा के के चार और एक निर्दलीय विधायक हैं।

विपक्षी राजद के 79 विधायक, कांग्रेस के 19, भाकपा माले के 12, माकपा और भाकपा के दो-दो विधायक हैं।

बिहार विधानसभा में एआईएमआईएम के एकमात्र विधायक अख्तरुल ईमान ने वोट डालने के बाद मीडिया से बात करने से इनकार कर दिया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\