देश की खबरें | राष्ट्रपति चुनाव : आप ने यशवंत सिन्हा का समर्थन करने की घोषणा की

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. आम आदमी पार्टी (आप) राष्ट्रपति चुनाव में विपक्ष के उम्मीदवार यशवंत सिन्हा का समर्थन करेगी। राज्यसभा सदस्य संजय सिंह ने शनिवार को पार्टी की राजनीतिक सलाहकार समिति (पीएसी) की बैठक के बाद यह घोषणा की।

नयी दिल्ली, 16 जुलाई आम आदमी पार्टी (आप) राष्ट्रपति चुनाव में विपक्ष के उम्मीदवार यशवंत सिन्हा का समर्थन करेगी। राज्यसभा सदस्य संजय सिंह ने शनिवार को पार्टी की राजनीतिक सलाहकार समिति (पीएसी) की बैठक के बाद यह घोषणा की।

राष्ट्रपति चुनाव में सिन्हा और द्रौपदी मुर्मू के बीच मुकाबला है। मुर्मू ,भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की उम्मीदवार हैं।

सिंह ने कहा, ‘‘हम द्रौपदी मुर्मू का सम्मान करते हैं लेकिन आप विपक्ष के उम्मीदवार यशवंत सिन्हा का समर्थन करेगी।’’

उन्होंने बताया कि यह फैसला आप के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की अध्यक्षता में हुई पीएसी की बैठक में लिया गया।

बैठक में केजरीवाल, उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया, संजय सिंह, राज्यसभा सदस्य राघव चड्ढा, विधायक आतिशी तथा पीएसी के अन्य सदस्य शामिल हुए।

राष्ट्रपति चुनाव के लिए मतदान सोमवार को होगा।

आप एकमात्र गैर भाजपा और गैर कांग्रेस पार्टी है जिसकी दो राज्यों-दिल्ली और पंजाब- में सरकार है।

उसके दोनों राज्यों से राज्यसभा में 10 सदस्य हैं। पार्टी के कुल 152 विधायक हैं। इनमें से पंजाब में 92, दिल्ली में 62 और गोवा में दो विधायक हैं।

सिंह ने कहा, ‘‘पीएसी ने सर्वसम्मति से फैसला किया कि आप यशवंत सिन्हा का समर्थन करेगी। 18 जुलाई को आप के सभी विधायक और सांसद सिन्हा के पक्ष में मतदान करेंगे।’’

उन्होंने कहा कि आप राजग की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू का सम्मान करती है, लेकिन पीएसी ने विपक्ष के उम्मीदवार का समर्थन करना उपयुक्त समझा।

गौरतलब है कि राष्ट्रपति चुनाव के लिए 10.86 लाख निर्वाचक मंडल में, आप के मतों का मूल्य (वैल्यू) 21,308 है। पार्टी के 10 सांसदों के कुल मतों का मूल्य करीब 7,000 है। वहीं पंजाब के 92 विधायकों के कुल मतों का मूल्य 10,672 है। दिल्ली के सभी 62 आप विधायकों के मतों का मूल्य 3,596 है जबकि गोवा से पार्टी के दो विधायकों के मतों का मूल्य 40 है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\