देश की खबरें | राष्ट्रपति पद : समर्थन जुटाने के लिए मुर्मू ने मिजोरम और असम की यात्रा की
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. राष्ट्रपति चुनाव में भाजपा नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की प्रत्याशी द्रौपदी मुर्मू ने अपने लिए समर्थन जुटाने को लेकर बृहस्पतिवार को मिजोरम और असम की यात्रा की।
आइजोल/गुवाहाटी, सात जुलाई राष्ट्रपति चुनाव में भाजपा नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की प्रत्याशी द्रौपदी मुर्मू ने अपने लिए समर्थन जुटाने को लेकर बृहस्पतिवार को मिजोरम और असम की यात्रा की।
मिजोरम के मुख्यमंत्री जोरमथंगा और दो अन्य मंत्रियों ने राज्य के एकमात्र हवाईअड्डे लेंगपुई पर मुर्मू की अगवानी की।
उन्होंने आइजल क्लब में एक कार्यक्रम को संबोधित किया, जिसमें मुख्यमंत्री सहित सत्तारूढ़ मिजो नेशनल फ्रंट के विधायक शरीक हुए।
जोरमथंगा ने मुर्मू का राज्य में स्वागत करते हुए ट्वीट किया, ‘‘समग्र रूप से पूर्वोत्तर और मिजोरम राजग की ओर से राष्ट्रपति पद की प्रत्याशी द्रौपदी मुर्मू को भविष्य के लिए शुभकामनाएं देता है।’’
मुर्मू, के साथ राज्य में केंद्रीय मंत्री सर्वानंद सोनोवाल और प्रतिमा भौमिक भी आई थीं। मुर्मू ने राज्यपाल हरि बाबू कंभमपति से राजभवन में मुलाकात की।
वह दोपहर में गुवाहाटी के लिए रवाना हो गईं।
मुर्मू ने असम में सत्तारूढ़ भाजपा और उसके सहयोगी दलों असम गण परिषद (अगप) तथा यूनाइटेड पीपुल्स पार्टी (यूपीपीएल) के विधायकों से मुलाकात कर 18 जुलाई के राष्ट्रपति चुनाव के लिए उनका समर्थन मांगा।
मुर्मू ने उनसे शहर के एक होटल में मुलाकात की, जहां मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा, भाजपा की असम इकाई के प्रमुख भवेश कलिता, अगप के अध्यक्ष अतुल बोरा, यूपीपीएल के प्रमुख प्रमोद बोडो सहित अन्य नेताओं ने उनका अभिवादन किया।
मुर्मू के साथ सोनोवाल, भौमिक तथा भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा भी थे।
सरमा ने ट्वीट किया, ‘‘आगामी चुनाव के लिए हमने उन्हें अपनी शुभकामनाएं दी हैं।’’
मुख्यमंत्री ने ‘गमोसा’,परंपरागत ‘जापी’ या पगड़ी और एक गुलदस्ते के साथ उनका स्वागत किया।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)