देश की खबरें | अलाव में ‘पेंट थिनर’ डालने से गर्भवती महिला और पति झुलसे
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. बाहरी दिल्ली के बवाना इलाके में एक लड़के ने अलाव में ‘पेंट थिनर’ उड़ेल दिया, जिसके बाद आग की लपटों की चपेट में आने से एक गर्भवती महिला और उसका पति झुलस गए। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।
नयी दिल्ली, नौ जनवरी बाहरी दिल्ली के बवाना इलाके में एक लड़के ने अलाव में ‘पेंट थिनर’ उड़ेल दिया, जिसके बाद आग की लपटों की चपेट में आने से एक गर्भवती महिला और उसका पति झुलस गए। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।
दिल्ली महिला आयोग (डीसीडब्ल्यू) की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल ने हालांकि आरोप लगाया कि महिला के ससुराल वालों और पति ने उसे आग के हवाले कर दिया।
पुलिस के अनुसार घटना शुक्रवार रात हुई जब सात महीने की गर्भवती खुशबू नामक महिला अपने पति वीर प्रताप और एक लड़के के साथ ठंड से बचने के लिए अलाव के निकट बैठी थी।
पुलिस ने कहा कि आग बुझने लगी तो लड़के ने उसमें ‘पेंट थिनर’ डाल दिया, जिसके चलते अचानक आग भड़क गई। आग में खुशबू का चेहरा और कुछ अन्य अंग झुलस गए जबकि उसके पति के पैर और बायां हाथ झुलस गए।
दोनों का सफदरजंग अस्पताल में इलाज किया जा रहा है।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि खुशबू का बयान दर्ज कर लिया गया है, जिसमें उसने कहा है कि यह एक दुर्घटना थी।
खुशबू के बयानों के विपरीत, उनके भाई संदीप ने आरोप लगाया है कि बहन की ससुराल वाले उसे परेशान कर रहे थे और उन्होंने ही उसे आग के हवाले कर दिया है।
खुशबू की पिछले साल अगस्त में वीर प्रताप से शादी हुई थी। चूंकि शादी को सात साल से भी कम समय हुआ है और उसके भाई ने भी उसके ससुराल वालों द्वारा प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है, इसलिए इस मामले को नरेला के उपसंभागीय मजिस्ट्रेट के संज्ञान में लाया गया और मजिस्ट्रेट के सामने उसका बयान दर्ज किया गया।
हालांकि मालीवाल ने इस घटना के बारे में ट्वीट किया, “बवाना में 7 महीने की गर्भवती महिला को उसके पति और ससुराल वालों ने पेट्रोल डालकर जलाया। लड़की बुरी तरह से झुलस गई और उसका अब अस्पताल में इलाज चल रहा है। हमने दिल्ली पुलिस को नोटिस जारी किया है। पीड़िता की हर संभव सहायता भी कर रहे हैं। दिल्ली में अपराध बढ़ते जा रहे हैं!”
जोहेब रंजन
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)