एजेंसी न्यूज

खेल की खबरें | प्रणय और सेन बैडमिंटन विश्व चैम्पियनशिप के दूसरे दौर में पहुंचे

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Sports at LatestLY हिन्दी. भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी एचएस प्रणय और लक्ष्य सेन सोमवार को यहां क्रमश: कोले कोलजोनेन और जॉर्जेस जूलियन पॉल पर सीधे गेम में जीत के साथ विश्व चैंपियनशिप के पुरुष एकल के दूसरे दौर में पहुंच गए।

खेल की खबरें | प्रणय और सेन बैडमिंटन विश्व चैम्पियनशिप के दूसरे दौर में पहुंचे

कोपेनहेगन, 21 अगस्त भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी एचएस प्रणय और लक्ष्य सेन सोमवार को यहां क्रमश: कोले कोलजोनेन और जॉर्जेस जूलियन पॉल पर सीधे गेम में जीत के साथ विश्व चैंपियनशिप के पुरुष एकल के दूसरे दौर में पहुंच गए।

विश्व चैम्पियनशिप के पिछले दो सत्र में क्वार्टर फाइनल तक पहुंचने वाले दुनिया के नौवें नंबर के खिलाड़ी प्रणय ने वामहस्त कोलजोनेन को सीधे गेम में 24-22, 21-10 से हराया। प्रणय की फिनलैंड की इस खिलाड़ी के खिलाफ यह तीन मैचों में तीसरी जीत है।

राष्ट्रमंडल खेलों के मौजूदा स्वर्ण पदक विजेता सेन ने मॉरीशस के पॉल को महज 25 मिनट तक चले एकतरफा मुकाबले में 21-12, 21-7 से शिकस्त दी

विश्व चैम्पियनशिप (2021) में कांस्य पदक जीत चुके अल्मोडा के शटलर के सामने अगले दौर में कोरिया के जियोन ह्योक जिन जबकि केरल के 31 वर्षीय खिलाड़ी प्रणय के सामने इंडोनेशिया के चिको ऑरा ड्वी वार्डोयो की चुनौती हो सकती है।

कोलजोनेन ने शुरुआती गेम में प्रणय को कड़ी टक्कर दी लेकिन इस भारतीय खिलाड़ी ने दूसरे गेम को एकतरफा अंदाज में जीतकर मैच अपने नाम किया।

पहले गेम में कोलजोनेन ने प्रणय पर 8-4 की बढ़त के साथ अच्छी शुरुआत की । प्रणय ने इसके बाद वापसी करते हुए ब्रेक के समय तीन अंक (11-8) की बढ़त कायम कर ली।

ब्रेक के बाद भी दोनों खिलाड़ी के बीच जबरदस्त मुकाबला देखने को मिला जहां कोई भी खिलाड़ी दूसरे को आसानी से अंक बनाने का मौका नहीं दे रहा था।

कोलजोनेन ने तीन गेम प्वाइंट हासिल किये लेकिन प्रणय ने अपना धैर्य बनाये रखा और तीनों गेम प्वाइंट का बचाव कर अच्छी वापसी की।

उन्होंने बैकहैंड के शानदार इस्तेमाल से कोलजोनेन को एक बार फिर से गेम प्वाइंट भुनाने से रोक दिया। प्रणय ने इसके बाद शटल को नेट पर खेल दिया जिससे फिनलैंड के खिलाड़ी को 22-21 की बढ़त मिल गयी।

कोलजोनेन हालांकि इसका फायदा उठाने में विफल रहे और भारतीय खिलाड़ी ने लगातार तीन अंक बनाकर गेम जीत लिया।

दूसरे गेम की शुरुआत में भी दोनों खिलाड़ियों के बीच कड़ा मुकाबला हुआ लेकिन प्रणय ने 6-5 की बढ़त लेने के बाद ब्रेक तक इसे 11-5 कर दिया।

प्रणय ने ब्रेक के बाद भी कोलजोनेन पर दबाव बनाये रखा और 12 मैच प्वाइंट हासिल किये। प्रणय इसमें से पहले मैच प्वाइंट को भुनाने में नाकाम रहे लेकिन फिर शानदार स्मैश के साथ मैच अपने नाम कर लिया।

सेन इससे पहले राष्ट्रमंडल खेलों में स्वर्ण पदक जीतने के दौरान पॉल को हरा चुके है। उन्हें इस बार भी अपने प्रतिद्वंद्वी को पछाड़ने में कोई परेशानी नहीं हुई। उन्होंने शुरुआती गेम में 11-3 की बढ़त बना ली। पॉल हालांकि इसे 8-12 करने में सफल रहे, लेकिन भारतीय खिलाड़ी ने दबदबा बनाते हुए पहला गेम अपने नाम कर लिया।

सेन का यह दबदबा दूसरे गेम में भी जारी रहा। उन्होंने 13-2 की बड़ी बढ़त बनाकर पॉल के लिए वापसी की संभावना को काफी मुश्किल कर दिया। पॉल ने लगातार दो बार शटल को कोर्ट से बाहर मारकर सेन की आसान जीत पर मुहर लगा दी।

इससे पहले रोहन कपूर और एन सिक्की रेड्डी की भारत की मिश्रित युगल जोड़ी को पहले दौर में हार का सामना करना पड़ा। विश्व रैंकिंग में 33वें स्थान पर काबिज भारतीय जोड़ी को स्कॉटलैंड की जूली मैकफर्सन और एडम हॉल की जोड़ी ने 59 मिनट तक चले मुकाबले में 21-14, 20-22, 21-18 से हराया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Aug 21, 2023 06:30 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).