देश की खबरें | प्रधान ने ओडिशा में कानून-व्यवस्था पर चिंता जताई

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. ओडिशा में कानून-व्यवस्था की स्थिति पर चिंता जाहिर करते हुए केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने रविवार को कहा कि राज्य सरकार को इस बात का कोई अंदाजा नहीं है कि आखिर ड्यूटी पर मौजूद एक पुलिसकर्मी ने क्यों राज्य के स्वास्थ्य मंत्री नब किशोर दास को गोली मार दी।

भुवनेश्वर, पांच फरवरी ओडिशा में कानून-व्यवस्था की स्थिति पर चिंता जाहिर करते हुए केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने रविवार को कहा कि राज्य सरकार को इस बात का कोई अंदाजा नहीं है कि आखिर ड्यूटी पर मौजूद एक पुलिसकर्मी ने क्यों राज्य के स्वास्थ्य मंत्री नब किशोर दास को गोली मार दी।

प्रधान ने पत्रकारों से कहा कि मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने राज्य के प्रभावशाली नेता की मौत पर संवेदना व्यक्त करने के अलावा कभी सार्वजनिक रूप से कुछ नहीं कहा। पटनायक के पास गृह विभाग भी है।

उन्होंने कहा, ‘‘किसी को कोई अंदाजा नहीं है कि ड्यूटी पर मौजूद एक पुलिसकर्मी ने सरकारी बंदूक से मंत्री को गोली क्यों मारी? घटना के एक सप्ताह बाद महानिदेशक (डीजी) कहते हैं कि ‘‘हमें जगन्नाथ (भगवान जगन्नाथ) से उम्मीद’’ है। यह राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति को दर्शाता है।’’

झारसुगुडा जिले के ब्रजराजनगर इलाके में गांधी चौक में एक कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे दास (60) पर एक पुलिसकर्मी ने गोली चला दी थी और 29 जनवरी की शाम उन्होंने दम तोड़ दिया।

केंद्रीय शिक्षा मंत्री ने कहा, ‘‘उच्च न्यायालय के सेवानिवृत्त न्यायाधीश की भूमिका के बारे में कोई स्पष्टता नहीं है जिन्हें जांच की निगरानी का जिम्मा दिया गया है। सेवानिवृत्त न्यायाधीश को जांच आयोग अधिनियम के तहत नियुक्त नहीं किया गया है, बल्कि ओडिशा सरकार ने उच्च न्यायालय के पंजीयक को पत्र लिखा जिसके बाद उन्हें (न्यायमूर्ति को) यह जिम्मेदारी दी गई।’’

उच्च न्यायालय ने मामले में जांच की निगरानी और अवलोकन के लिए राज्य सरकार को न्यायमूर्ति (सेवानिवृत्त) जे. पी. दास का नाम सुझाया है। राज्य सरकार ने हत्या के तुरंत बाद अपराध शाखा से जांच की घोषणा की।

प्रधान ने तिरतोल से बीजू जनता दल (बीजद) विधायक बिजय शंकर दास के खिलाफ बलात्कार के आरोपों को लेकर भी राज्य सरकार पर हमला बोला और उच्च न्यायालय से अनुरोध किया कि वह दखल दे और पुलिस को मामला दर्ज करने का निर्देश दे।

उन्होंने उप जिलाधिकारी एवं उनके चालक पर बालासोर जिले में कथित रेत माफिया द्वारा हमले को लेकर भी राज्य सरकार पर निशाना साधा।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\