विदेश की खबरें | पोप फ्रांसिस आंत की सर्जरी के लिए अस्पताल में भर्ती
श्रीलंका के प्रधानमंत्री दिनेश गुणवर्धने

वेटिकन ने कहा कि फ्रांसिस (86) को सर्जरी की प्रक्रिया के लिए सामान्य एनेस्थीसिया दिया जाएगा और वह कई दिन तक रोम के गेमेली अस्पताल में भर्ती रहेंगे।

आंत में बार-बार होने वाले संकुचन के उपचार के लिए पोप की लैपरोटोमी सर्जरी की जाएगी। उन्हें 2021 में कराई गई बड़ी आंत की सर्जरी के बाद संभवत: इस समस्या का सामना करना पड़ रहा है।

विशेषज्ञों ने कहा कि ‘हर्निया’ का बनना आंत की सर्जरी के बाद पैदा होने वाली एक समस्या है।

फ्रांसिस ने दो साल पहले, बड़ी आंत के संकुचन से होने वाली परेशानी से निजात पाने के लिए इसे शरीर से निकलवा दिया था।

पोप के पास सर्जरी कराने के अलावा और कोई विकल्प नहीं बचा था क्योंकि उन्हें इस साल गर्मियों में कई यात्राएं करनी हैं।

येल यूनिवर्सिटी स्कूल ऑफ मेडिसिन में कोलन एवं रेक्टल सर्जरी के प्रमुख डॉ वाल्टर लोंगो ने कहा, ‘‘आंत में रक्त आपूर्ति बाधित होने से शरीर के इस महत्वपूर्ण अंदरूनी अंग को काफी नुकसान पहुंचता है।’’ उन्होंने कहा कि फ्रांसिस कुछ हफ्तों के बाद ठीक हो जाएंगे, लेकिन वृद्धावस्था के कारण वह शारीरिक रूप से कमजोर हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘उनके जैसे एक वृद्ध व्यक्ति को सर्जरी की प्रक्रिया से गुजरने में जोखिम है लेकिन यदि उन्होंने यह करा ली तो वह ठीक हो जाएंगे।’’

उल्लेखनीय है कि जुलाई 2021 में फ्रांसिस को 33 सेंटीमीटर (13) इंच लंबी बड़ी आंत निकलवाने के लिए सर्जरी की प्रक्रिया से गुजरना पड़ा था। वह आंत में जलन और उसके संकुचन की गंभीर समस्या से जूझ रहे थे।

फ्रांसिस अपनी कार से पूर्वाह्न 11 बजे वेटिकन से रवाना हुए और करीब 20 मिनट बाद अस्पताल पहुंच गए।

जांच कराने के लिए वह मंगलवार को भी अस्पताल गए थे।

मार्च के अंत में भी वह अस्पताल में भर्ती हुए थे, जब उन्होंने श्वासनली में सूजन का उपचार कराया था।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)