देश की खबरें | सीडब्ल्यूसी बैठक से पहले वरिष्ठ नेताओं के पत्र से कांग्रेस में उठा सियासी बवंडर

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. कांग्रेस कार्यसमिति (सीडब्ल्यूसी) की बैठक से एक दिन पहले रविवार को सोनिया गांधी को 23 वरिष्ठ नेताओं की ओर से पत्र लिखे जाने की जानकारी सामने आने के बाद पार्टी के भीतर एक सियासी बवंडर खड़ा हो गया और नेतृत्व के मुद्दे पर पार्टी दो खेमे में बंटी नजर आई।

एनडीआरएफ/प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credits: ANI)

नयी दिल्ली, 23 अगस्त कांग्रेस कार्यसमिति (सीडब्ल्यूसी) की बैठक से एक दिन पहले रविवार को सोनिया गांधी को 23 वरिष्ठ नेताओं की ओर से पत्र लिखे जाने की जानकारी सामने आने के बाद पार्टी के भीतर एक सियासी बवंडर खड़ा हो गया और नेतृत्व के मुद्दे पर पार्टी दो खेमे में बंटी नजर आई।

पार्टी का पूर्णकालिक और जमीनी स्तर पर सक्रिय अध्यक्ष बनाने एवं संगठन में ऊपर से लेकर नीचे तक बदलाव की मांग करने वाले इस पत्र की खबर सामने आने के साथ ही पंजाब के मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह, राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और पार्टी के कई अन्य वरिष्ठ एवं युवा नेताओं ने सोनिया और राहुल गांधी के नेतृत्व में भरोसा जताया और इस बात पर जोर दिया कि गांधी-नेहरू परिवार ही पार्टी को एकजुट रख सकता है।

यह भी पढ़े | सुशांत सिंह राजपूत केसः बांद्रा पुलिस स्टेशन पहुंची सीबीआई की टीम: 23 अगस्त 2020 की बड़ी खबरें और मुख्य समाचार LIVE.

सीडब्ल्यूसी की सोमवार सुबह वीडियो कांफ्रेस के माध्यम से बैठक होनी है जिसमें इसके सदस्यों के अलावा पार्टी शासित राज्यों के मुख्यमंत्री भी भाग लेंगे।

कुछ खबरों में कहा गया कि इस बैठक में सोनिया गांधी पार्टी के अंतरिम अध्यक्ष पद से इस्तीफा देने की पेशकश कर सकती हैं, हालांकि कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने कहा कि सोनिया ने किसी के साथ बातचीत में ऐसा कोई इरादा नहीं जताया है।

यह भी पढ़े | Congress President Row: सोनिया गांधी छोड़ सकती हैं अध्यक्ष पद, पार्टी नेताओं की अलग- अलग राय- कई उठा रहे राहुल गांधी के पक्ष में आवाज.

माना जा रहा है कि सोनिया के इस्तीफे की पेशकश की स्थिति में कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता उनसे अध्यक्ष बने रहने अथवा फिर राहुल गांधी को फिर से पार्टी की कमान सौंपने का आग्रह कर सकते हैं।

राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष गुलाम नबी आजाद समेत 23 नेताओं ने सोनिया गांधी को पत्र लिखकर पार्टी में सामूहिक नेतृत्व की जरूरत पर जोर देते हुए कहा है कि कांग्रेस को पूर्णकालिक अध्यक्ष मिलना चाहिए जो जमीन पर सक्रिय हो तथा कांग्रेस मुख्यालय एवं प्रदेश कांग्रेस कमेटियों के मुख्यालय में भी उपलब्ध हो।

अमरिंदर सिंह, गहलोत, बघेल लोकसभा में कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी और पूर्व केंद्रीय मंत्री सलमान खुर्शीद और अश्वनी कुमार ने सोनिया गांधी एवं राहुल गांधी का पुरजोर समर्थन किया। दूसरी तरफ, गुनाब नबी आजाद, आनंद शर्मा, कपिल सिब्बल, मुकुल वासनिक, मनीष तिवारी, शशि थरूर और हरियाणा के पूर्व अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा विरोधी खेमे में नजर आ रहे हैं।

पंजाब के मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह ने कांग्रेस में गांधी परिवार के नेतृत्व को चुनौती देने वाले पार्टी के कुछ नेताओं के कदमों का विरोध करते हुए कहा है कि इस तरह का मुद्दा उठाने का यह समय नहीं है।

सिंह ने एक बयान में कहा, ‘‘कांग्रेस को ऐसे नेतृत्व की जरूरत है जो केवल कुछ लोगों के लिए नहीं बल्कि समूची पार्टी, समस्त कार्यकर्ताओं और देश के लिए स्वीकार्य हो । गांधी परिवार इस भूमिका के लिए बिल्कुल उपयुक्त है ।’’

गहलोत ने 'पीटीआई—' से कहा, ‘‘मुझे इस तरह के किसी पत्र के बारे में जानकारी नहीं है लेकिन यदि यह सच है तो यह दुर्भाग्यपूर्ण है। इन सभी लोगों ने पार्टी के साथ लंबे समय तक काम किया है।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\