देश की खबरें | प्रधानमंत्री मोदी के दौरे से पहले बिहार में बढ़ा राजनीतिक तापमान

पटना, 23 फरवरी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के भागलपुर दौरे से एक दिन पहले रविवार को बिहार में राजनीतिक तापमान बढ़ गया। मोदी भागलपुर से किसान सम्मान निधि योजना के करीब 10 करोड़ लाभार्थियों को करीब 23,000 करोड़ रुपये अंतरित करेंगे।

प्रधानमंत्री के दौरे की तैयारियों का जायजा लेने के लिए केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान एक दिन पहले ही राज्य पहुंचे और मखाना की खेती करने वाले किसानों से बातचीत की, ताकि हालिया बजट में घोषित बहुचर्चित ‘‘मखाना बोर्ड’’ के लिए योजना बनाई जा सके।

दरभंगा में आयोजित ‘मखाना पंचायत’ के अवसर पर संवाददाताओं से बातचीत में चौहान ने कहा, ‘‘हमने निर्णय लिया है कि किसानों के परामर्श से मखाना बोर्ड का गठन किया जाना चाहिए, क्योंकि किसान ही वास्तविक हितधारक हैं। हम दिल्ली स्थित कृषि भवन से जारी किए जाने वाले किसी आदेश के पक्ष में नहीं हैं।’’

उन्होंने यह भी कहा कि सोमवार को प्रधानमंत्री के कार्यक्रम का ‘‘पूरे देश पर प्रभाव पड़ेगा क्योंकि 9.80 करोड़ किसानों को किसान सम्मान निधि योजना की एक और किस्त के रूप में 22,700 करोड़ रुपये मिलेंगे।’’

मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री चौहान ने राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेता तेजस्वी यादव के इस आरोप को खारिज कर दिया कि प्रधानमंत्री ने कुछ महीनों में होने वाले विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए समारोह के लिए बिहार को चुना है।

उन्होंने कहा, ‘‘तेजस्वी को पता होना चाहिए कि मोदी आज मध्यप्रदेश गए, जहां कोई चुनाव नहीं है। कल बिहार के बाद उनका असम जाने का कार्यक्रम है, जहां कोई चुनाव नहीं है। हमारे प्रधानमंत्री अपने बंगले की सुख-सुविधाओं का आनंद लेने के बजाय लोगों के बीच रहना पसंद करते हैं।’’

जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर ने भी आरोप लगाया है कि चुनाव के मद्देनजर प्रधानमंत्री का दौरा हो रहा है। पटना में पत्रकारों से बातचीत में किशोर ने कहा, ‘‘अब जब बिहार में चुनाव होने वाले हैं, तो यह बिल्कुल स्पष्ट है कि प्रधानमंत्री की नजर राज्य पर होगी।’’

किशोर ने कहा कि इससे पहले, प्रधानमंत्री महाराष्ट्र, झारखंड और हरियाणा में व्यस्त थे।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सहयोगी लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के प्रमुख केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने कहा कि मोदी का दौरा ‘‘इस बात का सबूत है कि हमारा राज्य उनकी प्राथमिकता है।’’

पासवान ने कहा, ‘‘हमने केंद्रीय बजट में देखा कि बिहार को कितना महत्व दिया गया। मैं प्रधानमंत्री के कार्यक्रम में शामिल होने के लिए उत्सुक हूं।’’

उन्होंने निर्दलीय सांसद राजेश रंजन उर्फ ​​पप्पू यादव द्वारा मंगलवार को अपने पूर्णिया लोकसभा क्षेत्र और आसपास के कुछ इलाकों में ‘बंद’ के आह्वान पर भी हैरानी जताई।

यादव ने पूर्णिया में मखाना बोर्ड की स्थापना की मांग पर जोर देते हुए चेताया है कि ‘‘यदि जरूरत पड़ी तो हम दिल्ली और पूर्णिया तथा कटिहार के बीच रेल यातायात को रोक देंगे।’’

सांसद ने आरोप लगाया कि भाजपा बिहार, विशेषकर सीमांचल क्षेत्र के हितों के साथ समझौता कर रही है, लेकिन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार विरोध दर्ज कराने में असमर्थ हैं।

यादव ने कहा, ‘‘जद (यू) में भाजपा के प्रति वफादार विभीषण भर गए हैं। अब पार्टी को तभी बचाया जा सकता है जब मुख्यमंत्री का बेटा पार्टी की बागडोर संभालने को राजी हो जाए।’’

मुख्यमंत्री के बेटे निशांत के राजनीति में प्रवेश को लेकर चल रही अटकलों के बारे में पूछे जाने पर पासवान ने कहा, ‘‘क्यों नहीं? लेकिन यह ऐसा निर्णय है जो उन्हें और जद (यू) को लेना है।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)