देश की खबरें | कानून व्यवस्था को चुनौती दिये बगैर राजनीतिक दलों को जिम्मेदारी पूर्वक व्यवहार करना चाहिए : बोम्मई
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. कांग्रेस के दिग्गज नेता सिद्धरमैया की कार पर अंडा फेंकने की घटना के विरोध में प्रदर्शन के लिये पार्टी की तैयारी के बीच प्रदेश के मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई ने रविवार को कहा कि कानून व्यवस्था को चुनौती दिये बगैर लोगों को जिम्मेदारी पूर्वक व्यवहार करना चाहिए ।
हुबली, 21 अगस्त कांग्रेस के दिग्गज नेता सिद्धरमैया की कार पर अंडा फेंकने की घटना के विरोध में प्रदर्शन के लिये पार्टी की तैयारी के बीच प्रदेश के मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई ने रविवार को कहा कि कानून व्यवस्था को चुनौती दिये बगैर लोगों को जिम्मेदारी पूर्वक व्यवहार करना चाहिए ।
संवाददाताओं के साथ यहां बातचीत में मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘वैचारिक रूप से मतभेद के बावजूद हम लोग काम कर सकते हैं, लेकिन किसी को भी सड़क पर उतर कर कानून-व्यवस्था को चुनौती नहीं देनी चाहिये ।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के कोडागु जिले में सिद्धरमैया के काफिले पर अंडे फेंके जाने की घटना की जांच की जा रही है । उन्होंने कहा कि उन्होंने पुलिस को मामले की गहन जांच करने तथा पूर्व मुख्यमंत्री को पर्याप्त सुरक्षा मुहैया कराने का निर्देश दिया है ।
बोम्मई ने कहा, ‘‘....मैने विधानसभा में विपक्ष के नेता को पर्याप्त सुरक्षा मुहैया कराने का निर्देश दिया है । हालांकि, यह राजनीतिक दल पर है कि वह इससे कितना खेलना चाहते हैं और इसका कितना राजीतिकरण करना चाहते हैं । मैं कहना चाहूंगा कि शांति और व्यवस्था सभी राजनीतिक दलों की जिम्मेदारी है ।’’
कर्नाटक के कुछ हिस्सों में हिंदुत्व के विचारक विनायक दामोदर सावरकर की तस्वीर जलाने के मसले पर पूछे गये सवाल के जवाब में बोम्मई ने कहा कि विचारधाराओं के साथ वैचारिक रूप से लड़ा जाना चाहिए।
मुख्यमंत्री ने दावा किया, ‘‘इस बात का दस्तावेजी साक्ष्य है कि दिवंगत पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने सावरकर की प्रशंसा की थी, और उन्हें देश का सबसे अच्छा बेटा कहा था । कांग्रेस नेता मणिशंकर अय्यर ने भी सावरकर के बारे में बोला था, जिसके लिये उनकी आलोचना हुयी थी।’’
उन्होंने यह भी कहा कि मैसूरु के 18 वीं शताब्दी के शासक टीपू सुलतान के समर्थन में और उनके विरोध में विचार हैं।
बोम्मई ने कहा, ‘‘ये सब ऐतिहासिक तथ्य हैं । यह हमारी जिम्मेदारी है हम इसे कैसे प्रस्तुत करते हैं ।’’
भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं के एक समूह ने 18 अगस्त को सिद्धरमैया की कार पर अंडे फेंके थे और काले झंडे दिखाये थे । पूर्व मुख्यमंत्री बारिश से हुए नुकसान का निरीक्षण करने के लिए कोडागु गये थे ।
इस घटना के विरोध में कांग्रेस ने 26 अगस्त को ‘मेडिकेरी चलो’ कार्यक्रम का आयोजन किया है ।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)