देश की खबरें | कोलकाता की राइटर्स बिल्डिंग में पुलिसकर्मी ने खुद को गोली मारी

कोलकाता, तीन जुलाई राइटर्स बिल्डिंग में शुक्रवार को कोलकाता पुलिस के एक कांस्टेबल ने अपनी सर्विस राइफल से खुद को कथित तौर पर गोली मारकर आत्महत्या कर ली।

अधिकारियों ने बताया कि कांस्टेबल बिश्वजीत कारक (34) कोलकाता पुलिस की पांचवीं बटालियन का था। वह ब्रिटिशकालीन भवन के द्वार संख्या छह पर अकेले तैनात था और अपराह्न तीन बजकर 25 मिनट पर उसने खुद को गोली मार ली।

यह भी पढ़े | Weather Forecast: मुंबई में अगले 48 घंटे में हो सकती है भारी बारिश, BMC ने की अपील- हाई टाइड के कारण समुद्र से रहें दूर.

इस भवन में पहले राज्य सचिवालय था। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने 2013 में सचिवालय यहां से हटाकर हुगली नदी के दूसरे किनारे स्थित नबन्ना के 14वें तल पर ले गई थीं।

वह जिस छह नंबर गेट पर तैनात था उसका इस्तेमाल वर्तमान में कुछ वरिष्ठ मंत्रियों सहित वीवीआईपी भवन में प्रवेश करने के लिए करते थे।

यह भी पढ़े | कर्नाटक: एंबुलेंस सेवा न मिलने से बीच सड़क पर कोविड-19 मरीज ने तोडा दम.

अधिकारियों ने बताया कि उसकी शिफ्ट दोपहर ढाई बजे शुरू हुई थी और वह प्रेस कॉर्नर के सामने दरवाजे के अंतिम छोर पर एक कुर्सी पर बैठा था। इसी दौरान उसने खुद को गोली मार ली।

घटनास्थल का दौरा करने के बाद उपायुक्त (मध्य) सुधीर कुमार नीलकांतम ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘उसने खुद को गोली मारने के लिए सर्विस राइफल का इस्तेमाल किया। हम मामले की जांच कर रहे हैं। जिस तरीके से गोली चलाई गई और इसकी दिशा देखकर हम मान सकते हैं कि कारक ने आत्महत्या की।’’

सूत्रों ने बताया कि उसे कलकत्ता मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

उन्होंने कहा कि कारक करीब दस वर्ष पहले बल में शामिल हुआ था और वह पूर्व मेदिनीपुर जिले का रहने वाला था और महानगर के लेक टाउन इलाके में किराये के एक मकान में रहता था।

उसकी पत्नी यहां आरजी कार मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में नर्स है।

सूत्रों ने कहा कि पिछले कुछ समय से उसके अवसाद का इलाज चल रहा था।

राइटर्स भवन का फिलहाल पुनर्निर्माण कार्य चल रहा है और यहां कुछ सरकारी विभाग हैं जबकि शेष को अन्य स्थानों पर स्थानांतरित कर दिया गया है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)