देश की खबरें | महात्मा गांधी पर टिप्पणी मामले में भिडे के खिलाफ उचित कार्रवाई करेगी पुलिस : फडणवीस

नागपुर/अमरावती, 30 जुलाई महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने रविवार को कहा कि महात्मा गांधी के खिलाफ दक्षिणपंथी कार्यकर्ता संभाजी भिडे की कथित आपत्तिजनक टिप्पणी के लिए पुलिस उनके खिलाफ उचित कार्रवाई करेगी। उन्होंने जोर देकर कहा कि गांधी जी के अपमान को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

अमरावती में बृहस्पतिवार को एक सम्मेलन को संबोधित करते हुए गांधीजी की वंशावली पर कथित टिप्पणी के लिए भिडे पर एक दिन पहले अमरावती के राजापेठ पुलिस थाने में मामला दर्ज किया गया है।

फडणवीस ने नागपुर में संवाददाताओं को बताया, ''मैं संभाजी भिडे के बयान की पूर्ण रूप से निंदा करता हूं। महात्मा गांधी राष्ट्रपिता और स्वतंत्रता संर्घष के एक महानायक हैं। महानायक के खिलाफ इस तरह का बयान पूर्णत: अस्वीकार्य है।''

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता ने कहा, ''मैं यह स्पष्ट कर देना चाहता हूं कि संभाजी भिडे हो या फिर कोई और, इस तरह के बयान नहीं दे सकता है क्योंकि इससे लोगों में रोष पनपता है और लोग गांधी जी के अपमान को बर्दाश्त नहीं करेंगे।'' उन्होंने बताया कि इस मामले में पुलिस उचित कार्रवाई करेगी।

फडणवीस ने यह भी कहा कि भिडे एक स्वतंत्र संगठन (श्री शिव प्रतिष्ठान हिंदुस्तान) चलाते हैं और उनका भाजपा से कोई संबंध नहीं है। उन्होंने कहा कि विपक्षी दलों को मुद्दे को राजीनितक रंग नहीं देना चाहिए।

फडणवीस ने जोर देकर कहा कि भिडे के बयान की निंदा करने वाली काग्रेंस को वी. डी सावरकर की हिंदुत्व की विचारधारा के खिलाफ टिप्पणियों के लिए राहुल गांधी की भी आलोचना करनी चाहिए।

कांग्रेस ने भिडे को गिरफ्तार करने और उनके (भिडे) खिलाफ देशद्रोह का मामला दर्ज करने की मांग की थी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)