लॉकडाउन में खुली दुकानें बंद कराने पहुंची पुलिस टीम पर हमला, दस गिरफ्तार
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार शुक्रवार दोपहर दो बजे पुलिस को सूचना मिली कि आन्यौर परिक्रमा मार्ग के भीमनगर गांव में दुकानें खुली हुई हैं। इस पर थाना प्रभारी सत्यप्रकाश सिंह पुलिस बल के साथ वहां पहुंचे।
मथुरा, 10 अप्रैल उत्तर प्रदेश के मथुरा जनपद में शुक्रवार को गोवर्धन कस्बे के आन्यौर परिक्रमा मार्ग के नगला भीमनगर में लॉकडाउन के दौरान खुली हुई दुकानों को बंद कराने पहुंची पुलिस टीम पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया। पुलिस ने तीन दर्जन लोगों के खिलाफ नामजद एवं दो दर्जन से अधिक अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। 10 लोगों को मौके से गिरफ्तार किया गया है और शेष की तलाश की जा रही है।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार शुक्रवार दोपहर दो बजे पुलिस को सूचना मिली कि आन्यौर परिक्रमा मार्ग के भीमनगर गांव में दुकानें खुली हुई हैं। इस पर थाना प्रभारी सत्यप्रकाश सिंह पुलिस बल के साथ वहां पहुंचे।
ग्रामीणों ने पुलिस बल पर पथराव शुरू कर दिया। पथराव की सूचना मिलते ही उपजिलाधिकारी राहुल यादव व क्षेत्राधिकारी जितेंद्र कुमार भी मौके पर पहुंचे।
पुलिस की ओर से दारोगा सत्यप्रकाश सिंह ने 36 लोगों के खिलाफ नामजद एवं 25 से अधिक अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने 10 लोगों को गिरफ्तार किया है।
उपजिलाधिकारी राहुल यादव का कहना है कि बार-बार चेतावनी के बाद भी लोग लॉकडाउन का उल्लंघन कर रहे हैं। लॉकडाउन कोरोना वायरस जैसी बीमारी से बचने के लिए है। लोग कानून को हाथ में न लें। भीमनगर में लॉकडाउन के उल्लंघन को रोकने का प्रयास कर रही पुलिस पर हमला किया गया है। कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
क्षेत्राधिकारी (गोवर्धन) जितेंद्र कुमार ने बताया कि परिक्रमा मार्ग के भीमनगर में लॉकडाउन के उल्लंघन में पुलिस पहुंची थी, जहां लोगों ने पुलिस टीम पर लाठी-डण्डे चलाए और पथराव भी किया है। 10 लोगों को हिरासत में लिया गया है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Apr 10, 2020 08:49 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

