एजेंसी न्यूज

दिवाली पर मुस्लिम दुकानदार को धमकाने का वीडियो सोशल मीडिया पर आने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज किया

दिल्ली पुलिस ने सोशल मीडिया पर आए एक वीडियो के मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली है जिसमें एक शख्स को यहां संत नगर इलाके में दिवाली के दिन बिरयानी की दुकान खोलने पर कथित रूप से एक मुस्लिम दुकानदार को धमकाते हुए सुना जा सकता है.

दिवाली पर मुस्लिम दुकानदार को धमकाने का वीडियो सोशल मीडिया पर आने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज किया
दिल्ली पुलिस(Photo Credits: PTI)

नयी दिल्ली, 6 नवंबर : दिल्ली पुलिस ने सोशल मीडिया पर आए एक वीडियो के मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली है जिसमें एक शख्स को यहां संत नगर इलाके में दिवाली के दिन बिरयानी की दुकान खोलने पर कथित रूप से एक मुस्लिम दुकानदार को धमकाते हुए सुना जा सकता है. पुलिस ने बताया कि उन्होंने वीडियो पर स्वत: संज्ञान लेते हुए कार्रवाई की है. पुलिस के मुताबिक वीडियो में आरोपी खुद को दक्षिणपंथी संगठन बजरंग दल का सदस्य नरेश कुमार सूर्यवंशी बता रहा है.

उसे संत नगर स्थित दुकान के कर्मचारियों से यह कहते सुना जा सकता है कि यह एक हिंदू क्षेत्र है. पुलिस के मुताबिक वीडियो में सूर्यवंशी को दुकान के लोगों को यह चेतावनी देते हुए सुना गया कि किसी त्योहार पर दुकान नहीं खोलें. पुलिस ने बताया कि इसके बाद दुकान मालिक ने दुकान बंद कर दी . यह भी पढ़ें : देश की खबरें | नवजोत सिद्धू सरकार के कामकाज में बाधा डाल रहे, फैला रहे भ्रामक सूचना : देओल

उन्होंने बताया कि यह वीडियो बृहस्पतिवार की रात नौ बजे के करीब रिकॉर्ड कर बाद में सोशल मीडिया पर डाल दिया गया.

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा कि वीडियो को संज्ञान में लेते हुये तथ्यों का सत्यापन करने के बाद भारतीय दंड संहिता की धारा 295ए के तहत बुराड़ी थाने में मामला दर्ज किया गया.

(The above story first appeared on LatestLY on Nov 06, 2021 04:57 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).