देश की खबरें | पंजाब विश्वविद्यालय में प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर पुलिस का लाठीचार्ज

चंडीगढ़, 13 नवंबर पंजाब विश्वविद्यालय परिसर में बुधवार को ‘सीनेट’ चुनाव में देरी के विरोध में मार्च निकाल रहे छात्रों के एक समूह पर पुलिस ने लाठीचार्ज किया।

यह प्रदर्शन ‘पंजाब विश्वविद्यालय बचाओ मोर्चा’ के बैनर तले किया जा रहा था।

अधिकारियों ने बताया कि जब प्रदर्शनकारी विश्वविद्यालय परिसर में छात्र केंद्र के पास पहुंचे तो पुलिस ने उन्हें तितर-बितर करने के लिए बल प्रयोग किया।

यह मार्च उस दिन निकाला गया जब विश्वविद्यालय परिसर में एक सम्मेलन आयोजित किया जा रहा था जिसमें पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने भाग लिया।

छात्र ‘सीनेट’ चुनाव में देरी के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं।

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता प्रताप सिंह बाजवा ने छात्रों पर लाठीचार्ज की निंदा की। उन्होंने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘मैं पंजाब विश्वविद्यालय में सीनेट चुनाव में देरी का शांतिपूर्ण विरोध कर रहे छात्रों पर बर्बर लाठीचार्ज की कड़ी निंदा करता हूं... विडंबना यह है कि जब छात्रों पर लाठीचार्ज किया जा रहा था, मुख्यमंत्री भगवंत मान पंजाब के लिए 'विजन 2047' पर चर्चा कर रहे थे।’’

मान ने ‘सीनेट’ चुनाव तुरंत कराने के लिए मंगलवार को उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ से हस्तक्षेप करने की मांग की।

‘सीनेट’ विश्वविद्यालय का सर्वोच्च शासी निकाय है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)