देश की खबरें | रेणुकास्वामी हत्याकांड में अभिनेता दर्शन एवं अन्य तीन आरोपियों की पुलिस हिरासत दो दिन बढ़ायी गयी

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. बेंगलुरु की अदालत ने रेणुकास्वामी हत्याकांड में बृहस्पतिवार को कन्नड़ अभिनेता दर्शन थूगुदीप एवं तीन अन्य आरोपियों की पुलिस हिरासत दो दिनों के लिए बढ़ा दी।

बेंगलुरु, 20 जून बेंगलुरु की अदालत ने रेणुकास्वामी हत्याकांड में बृहस्पतिवार को कन्नड़ अभिनेता दर्शन थूगुदीप एवं तीन अन्य आरोपियों की पुलिस हिरासत दो दिनों के लिए बढ़ा दी।

धनराज, विनय और प्रदोष तीन अन्य आरोपी हैं जिनकी पुलिस हिरासत बढ़ायी गयी है।

तेरह अन्य आरोपियों को 14 दिनों के लिए न्यायिक हिरासत में भेजा गया है। उनमें दर्शन की मित्र पवित्रा गौड़ा भी शामिल हैं। इस हत्याकांड में कुल 17 आरोपी हैं।

सभी आरोपियों को उनकी पुलिस हिरासत बृहस्पतिवार को खत्म हो जाने पर अतिरिक्त मुख्य मेट्रोपोलिटन मजिस्ट्रेट विश्वनाथ सी गौदार के सामने पेश किया गया था।

पुलिस सूत्रों के अनुसार रेणुकास्वामी ने दर्शन की दोस्त पवित्रा गौड़ा को अश्लील संदेश भेजे थे जिससे अभिनेता नाराज हो गये थे, फलस्वरूप उसकी (रेणुकास्वामी) कथित रूप से हत्या कर दी गयी। नौ जून को यहां सुमनहल्ली में एक अपार्टमेंट के समीप एक नाले में रेणुकास्वामी का शव मिला था। रेणुकास्वामी दर्शन का प्रशंसक था।

पुलिस ने दावा किया है कि दर्शन ने प्रदोष को शव को ठिकाने लगाने के लिए 30 लाख रुपये देने की बात कबूली है। पुलिस के अनुसार दर्शन यह पैसा देकर यह भी सुनिश्चित करने का प्रयास किया कि इस हत्याकांड में उनका नाम सामने न आए।

पुलिस सूत्रों ने कहा कि प्रदोष के घर से यह धनराशि बरामद कर ली गयी है।

एक पुलिस अधिकारी ने कहा, ‘‘इस मामले में आरोपी दर्शन ने पुलिस को दिये बयान में कहा है कि उन्होंने शव को ठिकाने लगाने और यह सुनिश्चित करने के लिए उनका नाम कहीं न आए, प्रदोष को 30 लाख रुपये दिए थे।’’

उन्होंने कहा, ‘‘ कथित हमले में इस्तेमाल की गयी लाठी और डंडे जैसी चीजें घटनास्थल से बरामद की गयी हैं । वहां से पानी की बोतल, खून के दाग, सीसीटीवी फुटेज वाली डीवीआर एवं अन्य सबूत भी मिले हैं।’’

उन्होंने कहा कि शव को ठिकाने लगाने के लिए कथित रूप से जिस गाड़ी में ले जाया गया , उसमें भी खून के निशान मिले हैं।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट के मुताबिक रेणुकास्वामी की जान उसपर लाठीडंडों और अन्य चीजों से किये गये प्रहार की चोट की वजह से गयी।

अधिकारी ने कहा, ‘‘ विसरा नमूने को आगे के विश्लेषण के लिए अपराध विज्ञान प्रयोगशाला में भेजे गये हैं।

सूत्रों ने बताया कि राघवेंद्र नामक एक आरोपी इस बहाने से रेणुकास्वामी को यहां आर आर नगर में एक आड़ में लाया कि दर्शन उससे मिलना चाहते हैं और वहां उसे कथित रूप से मारा-पीटा गया और उसकी हत्या कर दी गयी। राघवेंद्र चित्रदुर्ग में दर्शन के ‘फैनक्लब’ का हिस्सा है।

सूत्रों ने बताया कि समझा जाता है कि जांच दल सीसीटीवी फुटेज समेत पर्याप्त सबूत जुटा लिया है जिससे यह स्थापित हो सकता है कि रेणुकास्वामी पर कथित हमले के समय दर्शन वहीं मौजूद थे । इस हमले के फलस्वरूप रेणुकास्वामी की जान गयी थी।

बेंगलुरु के पुलिस आयुक्त बी दयानंद ने इस हत्या को ‘भयंकर तरीके से अंजाम तक पहुंचाया गया घृणतम अपराध’ बताया है।

उन्होंने इस सप्ताह के प्रारंभ में कहा था, ‘‘... व्यक्ति को बड़े ही नृशंस एवं बर्बर तरीके से मार दिया गया। ’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\