देश की खबरें | महिषासुर की प्रतिमा पर मूंछ और बाल लगाने के लिए पुलिस कलाकार को लेकर लायी:एबीएचएम नेता
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. दुर्गा पूजा के एक पंडाल में यहां महिषासुर की महात्मा गांधी से मिलती-जुलती एक प्रतिमा स्थापित किए जाने को लेकर विवाद पैदा होने के एक दिन बाद अखिल भारत हिंदू महासभा (एबीएचएम) ने कहा कि हंगामे के मद्देनजर पुलिस ने एक कलाकार बुलाकर प्रतिमा में कुछ बदलाव कराया है।
कोलकाता, तीन अक्टूबर दुर्गा पूजा के एक पंडाल में यहां महिषासुर की महात्मा गांधी से मिलती-जुलती एक प्रतिमा स्थापित किए जाने को लेकर विवाद पैदा होने के एक दिन बाद अखिल भारत हिंदू महासभा (एबीएचएम) ने कहा कि हंगामे के मद्देनजर पुलिस ने एक कलाकार बुलाकर प्रतिमा में कुछ बदलाव कराया है।
गंजे सिर वाले और सफेद धोती एवं गोल चश्मा पहने महिषासुर की प्रतिमा स्थापित करने के पीछे जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग तेज हो गई है।
इस बीच, एबीएचएम के प्रदेश कार्यकारी प्रमुख चंद्रचूड़ गोस्वामी ने कहा कि उनके खिलाफ अब तक कोई पुलिस कार्रवाई नहीं की गई है।
महासभा की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष सुंदरगिरि महाराज ने कहा, ‘‘पुलिस असुर (महिषासुर) का चश्मा हटाने, मूंछ और बाल लगाने के लिए एक कलाकार को ले कर आई थी।’’
हालांकि, एबीएचएम के नेता के दावे पर पुलिस की कोई प्रतिक्रिया नहीं मिल पाई है।
रूबी क्रॉसिंग के पास हो रही पूजा के आयोजकों ने रविवार को कहा था कि यह समानता संयोगवश है। महासभा ने तब यह भी कहा था कि उसने पुलिस से निर्देश मिलने के बाद प्रतिमा के रूप को भी बदल दिया है।
इस छोटे पंडाल में कोई सजावट नहीं है, जबकि कोलकाता के दुर्गा पूजा पंडालों में ऐसा नहीं देखा जाता। सोमवार दोपहर वहां सन्नाटा पसरा रहा। पंडाल के अंदर करीब सात-आठ आयोजक ही मौजूद थे।
महिषासुर की प्रतिमा को अब मूंछ और सिर पर बाल के साथ देखा जा सकता है, हालांकि उसके बायें हाथ में अब भी एक डंडा है।
गोस्वामी ने पीटीआई- से कहा, ‘‘हमने महात्मा गांधी को ध्यान में रख कर असुर की प्रतिमा नहीं बनवाई थी। ’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)