देश की खबरें | कुख्यात गैंगस्टर विकास दुबे के मध्य प्रदेश में घुसने की संभावना पर सीमावर्ती इलाकों में पुलिस अलर्ट

ग्वालियर, छह जुलाई उत्तर प्रदेश के कानपुर में आठ पुलिसकर्मियों की हत्या में शामिल कुख्यात गैंगस्टर विकास दुबे के मध्य प्रदेश में घुसने की संभावना के चलते पुलिस यहां अलर्ट पर है।

इस सिलसिले में प्रदेश के ग्वालियर और चंबल इलाके के पुलिस अधिकारी उत्तर प्रदेश पुलिस के अधिकारियों के साथ नियमित संपर्क में हैं।

यह भी पढ़े | हिमाचल प्रदेश बना शत-प्रतिशत घरों को गैस कनेक्शन देने वाला देश का पहला राज्य: मुख्यमंत्री.

ग्वालियर रेंज के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (एडीजी) राजाबाबू सिंह ने सोमवार को बताया कि उत्तर प्रदेश में पुलिस कर्मियों की हत्या के बाद गैंगस्टर विकास दुबे को लेकर मध्य प्रदेश पुलिस सीमावर्ती जिलों में विशेष नजर रख रही है।

उन्होंने कहा, ‘‘हम उत्तर प्रदेश एसटीएफ और पुलिस के साथ लगातार संपर्क में हैं। मध्य प्रदेश पुलिस उन्हें सहयोग देने के लिये अलर्ट पर है।’’

यह भी पढ़े | जम्मू-कश्मीर: एनआईए ने पुलिस के पूर्व DSP दविंदर सिंह समेत 6 लोगों के खिलाफ आतंकी मामले में दाखिल की चार्जशीट: 6 जुलाई 2020 की बड़ी खबरें और मुख्य समाचार LIVE.

चंबल क्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) राजेश हिंगणकर ने कहा, ‘‘हम लगातार उत्तर प्रदेश पुलिस के संपर्क में हैं। भिंड और मुरैना जिलों के पुलिस अधीक्षकों को उत्तर प्रदेश के साथ लगने वाले इलाकों में विशेष निगरानी रखने के लिये कहा गया है।’’

उन्होंने कहा कि हालांकि सीमावर्ती इलाकों में पुलिस हमेशा ही आपराधिक गतविधियों और अपराधियों की आवाजाही के मामले में चौकस रहती है।

मालूम हो कि शुक्रवार देर रात कानपुर के पास बिकरु गांव में दबिश देने गये पुलिस दल पर गैंगस्टर दुबे और उसके गुर्गों ने गोलीबारी कर दी थी जिसमें आठ पुलिसकर्मियों की मौत हो गयी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)