देश की खबरें | आजादी के अमृत काल में विष घोला जा रहा है: त्रिवेदी

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने शनिवार को कांग्रेस पर परोक्ष रूप से हमला बोला और कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि राष्ट्रपति और जनजातीय समुदाय का अपमान कर आजादी के 'अमृत काल' में जहर फैलाया जा रहा है।

रायपुर, 30 जुलाई भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने शनिवार को कांग्रेस पर परोक्ष रूप से हमला बोला और कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि राष्ट्रपति और जनजातीय समुदाय का अपमान कर आजादी के 'अमृत काल' में जहर फैलाया जा रहा है।

त्रिवेदी, कांग्रेस के नेता अधीर रंजन चौधरी की राष्ट्रपति को लेकर की गई उस टिप्पणी का जिक्र कर रहे थे जिससे विवाद खड़ा हो गया था। चौधरी ने अपनी टिप्पणी के लिए खेद जताया है।

प्रदेश भाजपा कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में संवाददाता सम्मेलन में त्रिवेदी ने कहा कि यह एक पवित्र संयोग है जब देश स्वतंत्रता का अमृत महोत्सव वर्ष मना रहा है और पहली बार जनजातीय समुदाय की महिला देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद पर पहुंची हैं। उन्होंने कहा कि दुख का विषय है कि आजादी के अमृत काल में विष घोला जा रहा है।

त्रिवेदी ने कहा कि दिल्ली में देखा गया कि कैसे (राष्ट्रपति के लिए) अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल किया गया, यह राष्ट्रपति पद और जनजातीय समुदाय की गरिमा का अपमान है।

उन्होंने कहा, ''आदिवासी बहुल छत्तीसगढ़ के निवासियों के लिए यह गर्व की बात है कि द्रौपदी मुर्मू जी को राष्ट्रपति चुना गया है। लेकिन जिस तरह वह (कांग्रेस) दिल्ली में (उनके प्रति) अनादर दिखा रहे हैं, उसी तरह कांग्रेस शासित छत्तीसगढ़ में भी जनजातीय समाज के प्रति तिरस्कार की भावना दिखाई दे रही है।''

भाजपा नेता ने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और मंत्री टीएस सिंहदेव के बीच कथित मनमुटाव को लेकर सत्ताधारी दल कांग्रेस पर निशाना साधा और कहा कि कांग्रेस सरकार लोगों की समस्याओं की अनदेखी करते हुए आपस में उलझी हुई है।

उन्होंने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और मंत्री टीएस सिंहदेव की तरफ इशारा करते हुए कहा, ''एक तरफ भूप मतलब राजा औैर ईश मतलब भगवान तथा दूसरी तरफ सिंह भी हैं और देव भी हैं। इन दोनों में कौन वास्तविकता में पार्टी का प्रतिनिधित्व कर रहा है। मैं कहना चाहूंगा कि बाघ और सिंह में 36 का आंकड़ा है।''

त्रिवेदी ने कहा कि छत्तीगसढ़ की जनता साफ देख रही है कि ये नेता जनता के सरोकारों से अधिक अपनी कुर्सी की रक्षा के लिए दौड़ भाग करने में लगे हुए हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का गढ़ दिखाई पड़ने वाले छत्तीसगढ़ की ​जनता के मन में आक्रोश है, जिसका उत्तर जनता चुनाव में देगी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\