देश की खबरें | पीएमजीएसवाई के इंजीनियर को नक्सलियों ने किया रिहा
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित बीजापुर जिले में नक्सलियों ने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अपहृत सब इंजीनियर को रिहा कर दिया है।
बीजापुर, 17 नवंबर छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित बीजापुर जिले में नक्सलियों ने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अपहृत सब इंजीनियर को रिहा कर दिया है।
बीजापुर जिले के पुलिस अधिकारियों ने बुधवार को बताया कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के सब इंजीनियर रोशन लकड़ा (35) को नक्सलियों ने आज रिहा कर दिया है।
उन्होंने बताया कि इससे पहले नक्सलियों ने शनिवार को चपरासी लक्ष्मण परतागिरी (24) को रिहा किया था।
पुलिस अधिकारियों ने जिले के गोरना—मनकेली मार्ग पर बीते बृहस्पतिवार को सर्वे के लिए गए सब इंजीनियर रोशन लकड़ा (35) और चपरासी लक्ष्मण परतागिरी (24) लापता हो गए थे। बाद में दोनों का अपहरण होने की जानकारी मिली थी।
उन्होंने बताया कि पुलिस को जानकारी मिली है कि नक्सलियों ने लकड़ा को गंगालूर मार्ग पर छोड़ दिया था। अभी तक नक्सलियों द्वारा लकड़ा के साथ मारपीट करने और धमकी देने की जानकारी नहीं मिली है। उसे चिकित्सकीय परिक्षण के लिए बीजापुर जिला मुख्यालय लाया जा रहा है।
बीजापुर जिला मुख्यालय से बृहस्पतिवार को पीएमजीएसवाय के सब इंजीनियर रोशन लकड़ा और चपरासी लक्ष्मण परतागिरी रोड सर्वे कार्य के लिए गोरना-मनकेली गांव की ओर रवाना हुए थे। दोनों शुक्रवार देर शाम तक वापस नहीं लौटे तब दोनों की खोज शुरू की गई थी। बाद में जानकारी मिली थी कि नक्सलियों ने कन्हाईगुड़ा गांव के करीब दोनों का अपहरण कर लिया था।
पुलिस के मुताबिक बीजापुर जिला मुख्यालय से गोरना—मनकेली गांव के मध्य 15 किलोमीटर के हिस्से में इस योजना के तहत सड़क का निर्माण किया जा रहा है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)