देश की खबरें | प्रधानमंत्री ने दिल्ली में रविदास मंदिर में प्रार्थना की
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविदास जयंती के अवसर पर बुधवार को दिल्ली के करोल बाग स्थित 'श्री गुरु रविदास विश्राम धाम मंदिर' में प्रार्थना की वहीं भाजपा, कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के कई दिग्गजों ने वाराणसी में संत रविदास के जन्मस्थान पर उन्हें नमन किया।
नयी दिल्ली/वाराणसी, 16 फरवरी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविदास जयंती के अवसर पर बुधवार को दिल्ली के करोल बाग स्थित 'श्री गुरु रविदास विश्राम धाम मंदिर' में प्रार्थना की वहीं भाजपा, कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के कई दिग्गजों ने वाराणसी में संत रविदास के जन्मस्थान पर उन्हें नमन किया।
विधानसभा चुनाव की गर्मी के बीच उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, कांग्रेस नेता राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाद्रा और पंजाब के पहले दलित मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी तथा आप नेता संजय सिंह ने संत रविदास के अनुयायियों के वार्षिक कार्यक्रम में हिस्सा लिया।
संत कवि रविदास के अनुयायी देशभर में हैं। इनमें दलित समुदाय के लोगों की बड़ी संख्या है। मध्यकालीन कवि एवं समाज सुधारक संत रविदास ने अपने दोहों और उपदेशों के माध्यम से जाति आधारित सामाजिक भेदभाव के खिलाफ संदेश दिया। उत्तर प्रदेश और पंजाब में संत रविदास के बड़ी संख्या में अनुयायी हैं। इन दोनों राज्यों में विधानसभा चुनाव की प्रक्रिया जारी है।
निर्वाचन आयोग ने हाल में पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए मतदान की तारीख 14 फरवरी से बढ़ा कर 20 फरवरी कर दी थी, क्योंकि बड़ी संख्या में संत के अनुयायी उनकी जयंती पर उनके जन्मस्थल वाराणसी जाते हैं।
प्रधानमंत्री मोदी मंदिर में श्रद्धालुओं के साथ भजन में शामिल हुए और उन्होंने झांझ करताल वाद्य यंत्र भी बजाया। उन्होंने ट्विटर पर एक वीडियो भी शेयर किया और इसे 'बेहद खास पल' बताया।
बाद में उन्होंने पठानकोट (पंजाब) और सीतापुर (उप्र) में चुनावी रैलियों को संबोधित करते हुए संत रविदास को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार के लिए गरीबों का कल्याण सबसे ऊपर है और सरकार गुरु रविदास की शिक्षाओं से प्रेरणा ले रही है।
पंजाब के मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता चरणजीत सिंह चन्नी ने संत रविदास की जन्मस्थली सीर गोवर्धन पहुंचकर मत्था टेका और उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
इसके बाद आदित्यनाथ ने सीर गोवर्धन स्थित संत रविदास मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद लंगर में प्रसाद ग्रहण किया। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा ने भी सीर गोवर्धन पहुंचकर संत रविदास को श्रद्धांजलि देने के बाद अमृत वाणी सुनी एवं प्रसाद ग्रहण किया।
आम आदमी पार्टी (आप) के उत्तर प्रदेश मामलों के प्रभारी एवं राज्यसभा सदस्य संजय सिंह ने भी सीर गोवर्धन स्थित रविदास मंदिर पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित की
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सीतापुर की एक चुनावी जनसभा में कहा, ‘‘ मेरे लिए दोहरी खुशी ये भी है कि मैं उस काशी का सांसद हूं जहां संत रविदास जी का जन्म हुआ था।’’
राहुल गांधी ने भी सोशल मीडिया में एक वीडियो साझा किया। इससे पहले सुबह, प्रियंका गांधी ने ट्वीट किया था कि वह हर साल की तरह आज भी गुरु रविदास की जन्मस्थली पर मत्था टेकेंगी। उन्होंने ट्वीट किया कि उन्हें आज अपने भाई के साथ गुरु रविदास की जन्मस्थली जाने में और भी खुशी हो रही है।
हालांकि बहुजन समाज पार्टी प्रमुख मायावती ने संत रविदास की जन्म स्थली सीर गोवर्धन में नेताओं के मत्था टेकने पर तंज कसते हुए कहा कि संत गुरु रविदास एवं उनके उपदेशों की हमेशा अनदेखी एवं उपेक्षा करने वाले नेता वोट पाने के स्वार्थ की खातिर मत्था टेकते हैं, लेकिन वे उनका उपदेश मानकर गरीबों का भला नहीं करते।
बसपा प्रमुख ने कहा कि जो लोग केवल वोट के स्वार्थ की राजनीति करने में माहिर हैं, उनसे बहुत सावधान रहने की जरूरत है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)